राजस्थान में भी दिखेगा चक्रवात बिपरजॉय का असर, इन 8 जिलों में अलर्ट जारी, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां

0 315

जयपुर: अरब सागर में बने चक्रवात बिपरजॉय (Cyclone Biparjoy) के गुजरात के पास आते ही राजस्थान प्रशासन भी चौकन्ना हो गया है। साइक्लोन के खतरे के मद्देनज़र सिरोही, बाड़मेर, जालोर सहित 8 से ज्यादा जिलों के लिए मौसम विभाग (IMD) ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने भारी बारिश से बचाव की तैयारियां तेज कर दी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, राजस्थान में तूफ़ान का सर्वाधिक असर 16-17 जून को देखने को मिलेगा।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, ये चक्रवात कल दोपहर या शाम के बाद गुजरात-पाकिस्तान के तटों पर दस्तक देगा। गुजरात में धरातल पर टकराने के बाद ये कमजोर हो जाएगा। आगे बढ़ता हुआ राजस्थान में दाखिल होगा। हालांकि राजस्थान में आते-आते ये साइक्लोन लो-प्रेशर एरिया में बदल जाएगा। इसके चलते यहां 45 से 60KM प्रति घंटा की रफ़्तार से तेज हवा चलेगी।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, चक्रवात ने जो थोड़ा-सा कर्व लिया है, उसके चलते इसकी दिशा अब पाकिस्तान की ओर भी हो गई है। इस वजह से कराची और गुजरात से लगते हिस्सों में इसका असर वहां अधिक होगा। यही वजह है कि अब राजस्थान के बाड़मेर, जालौर जिलों में 16 और 17 जून को भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना हैं। यहां जिला प्रशासन ने सिविल डिफेंस और SDRF को तैयारियां रखने के निर्देश दिए हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.