दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड की दस्तक, राजधानी में पारा 9 डिग्री तक लुढ़का

0 494

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड (Cold) ने दस्तक देनी शुरू कर दी है. आज दिल्ली में न्यूनतम तापमान के 9 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है. पूरे एनसीआर में आज आसमान मुख्यतः साफ रहेगा और शाम या रात को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. एक दिन पहले दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम रहा. आईएमडी के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा-चंडीगढ़ और दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. जबकि देश के बाकी हिस्सों में यह सामान्य तापमान के करीब था. कल देश के मैदानी इलाकों में सीकर (पूर्वी राजस्थान) में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ 25 और 26 नवंबर को उत्तर-पश्चिम भारत की ओर बढ़ेगा. इसके साथ ही 26 से 28 नवंबर के दौरान पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश (Rain) होने की संभावना है. 27 नवंबर को उत्तराखंड में अलग-अलग जगहों पर आंधी और बिजली के साथ ओले (Hail) गिर सकते हैं. आईएमडी के मुताबिक इसके कारण 24 से 27 तारीख के दौरान मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश और गुजरात में कई जगहों पर गरज और बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

आईएमडी के मुताबिक 26 नवंबर को दक्षिण राजस्थान, दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश, उत्तर मध्य महाराष्ट्र और उत्तर मराठवाड़ा में अलग-अलग जगहों पर गरज और बिजली के साथ ओले भी गिर सकते हैं. इसके कारण देश के कई हिस्सों को ठंड का असर तेजी के साथ बढ़ सकता है. इस वक्त देश के दक्षिणी राज्यों में बारिश हो रही है. जिसके कारण इन इलाकों में भी तापमान में तेजी से गिरावट देखी जा सकती है. पूरे उत्तर भारत और हिमालय के पहाड़ी इलाकों में बारिश, ओले और बर्फबारी के कारण आने वाले वक्त में तापमान में तेज गिरावट देखने को मिल सकती है.

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.