AC होगा सस्ता, कीमतों में आएगी बड़ी गिरावट, जानें नया GST सिस्टम लागू होने के बाद कितने कम होंगे दाम
नई दिल्ली: केंद्र सरकार जीएसटी सिस्टम में सुधार के तहत एयर कंडीशनर (AC) को 28 प्रतिशत वाले जीएसटी स्लैब से हटाकर 18 प्रतिशत वाले जीएसटी स्लैब में डालने का प्रस्ताव दिया है। सरकार के इस प्रस्ताव से होम एप्लायंसेज बनाने वाली कंपनियों को आगामी त्योहारों के दौरान अच्छी बिक्री की उम्मीद है। जीएसटी में सुधार लागू होने के बाद अलग-अलग मॉडल के आधार पर एसी की कीमतें 1500 रुपये से 2500 रुपये तक कम हो जाएंगी। सरकार द्वारा हाल ही में इमकम टैक्स में कटौती और भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा रेपो रेट में संशोधन के बाद कीमतों में ये कटौती होने जा रही है।
32 इंच से ज्यादा साइज वाली टीवी भी होगी सस्ती
इस कदम से न सिर्फ एसी तक लोगों की पहुंच बढ़ेगी, बल्कि ‘प्रीमियम एसी’ की मांग में भी बढ़ोतरी आएगी, जहां लोग लागत लाभ के कारण कम बिजली खाने वाले मॉडल खरीदेंगे। इसके साथ ही, इससे 32 इंच से ज्यादा साइज वाले टीवी पर जीएसटी स्लैब को मौजूदा 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने में भी मदद मिलेगी।
क्या है कंपनियों की प्रतिक्रिया
ब्लू स्टार के मैनेजिंग डायरेक्टर बी. त्यागराजन ने इसे एक शानदार कदम बताते हुए सरकार से इन बदलावों को शीघ्र लागू करने का आग्रह किया क्योंकि लोग रूम एयर कंडीशनर (RAC) की खरीद से पहले अब इस फैसले के लागू होने का इंतजार कर रहे हैं। त्यागराजन ने कहा, ‘‘ अब अगस्त में कोई भी रूम एसी नहीं खरीदेगा, सितंबर या 1 अक्टूबर तक इंतजार करेगा। इस बीच क्या कर सकते हैं। डीलर नहीं खरीदेंगे और ग्राहक नहीं खरीदेंगे।’’ ग्राहकों को मिलने वाले मूल्य लाभ के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘ ये लगभग 10 प्रतिशत होगा’’ क्योंकि जीएसटी अंतिम मूल्य पर लगाया जाता है।
1500 रुपये से 2500 रुपये तक सस्ते होंगे एसी
पैनासोनिक लाइफ सॉल्यूशंस इंडिया के चेयरमैन मनीष शर्मा ने कहा कि उद्योग को ऊर्जा कुशल उत्पादों पर करीब 12 प्रतिशत जीएसटी की उम्मीद है और बाकी उत्पादों पर 18 प्रतिशत जीएसटी लगेगा। उन्होंने कहा, ‘‘ हालांकि, ऐसी स्थिति में जब एसी और अन्य उपकरणों पर जीएसटी 28 से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया जाता है, तो बाजार में कीमतों में सीधे तौर पर 6-7 प्रतिशत की कमी आएगी क्योंकि आमतौर पर जीएसटी आधार मूल्य पर लगाया जाता है। इसलिए ये अभूतपूर्व है।’’ शर्मा ने कहा कि इससे मॉडल के आधार पर अंतिम उपभोक्ता के लिए एसी की कीमत में 1500 से 2500 रुपये तक की कमी आएगी।