चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, साइबर क्राइम टीम ने की बड़ी कार्रवाई

0 219

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले की साइबर क्राइम टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। हाल ही में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिलने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को बेगूसराय से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार युवक की पहचान रोसड़ा थाना क्षेत्र के भिरहा वार्ड 7 निवासी मोहम्मद सलीम के 21 वर्षीय पुत्र मोहम्मद मेराज के रूप में हुई है। मेराज ने ही बीते 11 जुलाई को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट की कमेंट में चिराग पासवान को बम से उड़ाने की धमकी दी थी।

बेगूसराय जिले से किया गिरफ्तार
इस संबंध में साइबर क्राइम डीएसपी दुर्गेश दीपक ने बताया कि 11 जुलाई को केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को सोशल मीडिया पर एक इंस्टाग्राम अकाउंट से जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस मामले में पटना साइबर थाना में केस दर्ज किया गया था। समस्तीपुर लोजपा (आर) के जिलाध्यक्ष ने भी शिकायत दी थी। जांच के दौरान विभिन्न सोशल साइट की पेट्रोलिंग की गई, जिसमें साहिल सफीक नाम के एक यूजर का कमेंट से संबंध मिला। पूछताछ में साहिल ने बताया कि धमकी देने वाला आरोपी मानसिक रूप से बीमार है। साहिल सफीक ने ही मेराज के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने पूछताछ के आधार पर आरोपी मेराज को बेगूसराय जिले के तेघरा से गिरफ्तार किया।

बम से उड़ाने की दी थी धमकी
फिलहाल आरोपी युवक को गिरफ्तार करने के बाद मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लाया गया। आरोपी ने बताया कि चिराग पासवान जी को जान से मारने की धमकी मेरे इंस्टाग्राम आईडी से दी गई थी कि 20 जुलाई को चिराग पासवान को बम से उड़ा दिया जाएगा। इसी मामले में मुझे गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को जान से मारने और बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के मुख्य प्रवक्ता राजेश भट्ट ने पटना के साइबर क्राइम थाने में मामले की शिकायत दी। ये धमकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से दी गई थी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.