अनुराग ठाकुर ने जारी किया सरकार के वर्ष 2023 का कैलेंडर, जी-20 की अध्यक्षता ‘बड़ी उपलब्धि’ दर्शाई गई

0 527

नई दिल्ली । केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने वर्ष 2023 के अपने वार्षिक कैलेंडर में जी-20 की अध्यक्षता को एक बड़ी उपलब्धि के रूप में दर्शाया है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने वर्ष 2023 के लिए वार्षिक कैलेंडर जारी करते हुए कहा कि यह जी-20 की अध्यक्षता का भी वर्ष है। यह भारत के लिए बड़े गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि देश के 55 से ज्यादा स्थानों पर जी-20 को लेकर आयोजित होने वाले 200 से ज्यादा कार्यक्रमों में दुनियाभर के लोग आएंगे, भारत के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर खूबसूरत भारत को देखेंगे और भारत के लिए यह अवसर दुनिया भर को अपने गौरवशाली इतिहास, कला संस्कृति, साहित्य और छवि को दिखाने का अवसर होगा।

ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2023 का कैलेंडर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ का प्रतिबिंब है। इस कैलेंडर में बदलते भारत, बढ़ते भारत के 12 प्रभावशाली चित्रों का संकलन है। इसमें 12 थीम जो मोदी सरकार की आठ वर्ष की जन कल्याणकारी एवं राष्ट्र के उत्थान में किए गए सम्यक प्रयासों के परिणाम की झलक है।

इस कैलेंडर में वर्ष के हर महीने के लिए अलग-अलग थीम रखी गई है – कर्तव्य पथ, किसान कल्याण, नारी शक्ति, शिक्षित भारत, कौशल भारत, फिट इंडिया, खेलो इंडिया, मिशन लाइफ, जी-20 – वसुधैव कुटुम्बकम, खाद्य सुरक्षा, आत्मनिर्भर भारत और अष्टलक्ष्मी। केंद्रीय मंत्री ने इस अवसर पर प्रसार भारती की उपलब्धियां भी गिनाईं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.