यूपी चुनाव से पहले BSP में बड़ा एक्शन! मायावती ने समधी अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से निकाला, रणधीर सिंह बेनीवाल भी निष्कासित
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी में संगठनात्मक स्तर पर बड़े बदलाव जारी हैं। पार्टी सुप्रीमो मायावती ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए अपने समधी और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ को बहुजन समाज पार्टी से निष्कासित कर दिया है। उनके साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता रणधीर सिंह बेनीवाल को भी संगठन से बाहर कर दिया गया है।
पहले वापस लिया प्रभार, फिर किया निष्कासन
पार्टी से निष्कासित किए जाने से पहले अशोक सिद्धार्थ से दिल्ली, कर्नाटक, ओडिशा और पश्चिम बंगाल का प्रभार वापस ले लिया गया था। वहीं रणधीर सिंह बेनीवाल के पास पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर की जिम्मेदारी थी, जिसे पहले ही उनसे वापस लिया जा चुका था। इसके बाद आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दोनों नेताओं को पार्टी से बाहर किए जाने की जानकारी दी गई।
उम्मीदवार तय करने का अधिकार सिर्फ मेरे पास: मायावती
मायावती ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का चयन पूरी तरह उनके निर्देशन में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित कई राज्य स्तरीय बैठकों के दौरान वह स्वयं उम्मीदवारों का साक्षात्कार लेकर अब तक दो दर्जन से अधिक प्रत्याशियों को अंतिम रूप दे चुकी हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी सभी सीटों पर उम्मीदवारों का फैसला वही करेंगी।
आकाश आनंद को लेकर अफवाहों से बचने की अपील
मायावती ने कहा कि राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है, जबकि इनमें कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद केवल पार्टी द्वारा तय किए गए उम्मीदवारों की घोषणा के लिए जनसभाएं कर रहे हैं। इसका उनके संगठनात्मक कद को बढ़ाने या घटाने अथवा टिकट वितरण से कोई संबंध नहीं है।
पार्टी की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा हैं आकाश आनंद
मायावती ने अपने संदेश में कहा कि पिछले लगभग एक वर्ष से आकाश आनंद को विभिन्न राज्यों में संगठन की समीक्षा बैठकों और चुनावी जनसभाओं के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह पार्टी की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है और आकाश आनंद अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन कर रहे हैं।
कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने की अपील
बसपा प्रमुख ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक संदेशों और अफवाहों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि शरारती और जातिवादी तत्व पार्टी को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, इसलिए ऐसे प्रचार पर विश्वास नहीं करना चाहिए।