टीम इंडिया मैनेजमेंट का बड़ा फैसला, शुभमन गिल और आवेश खान होंगे रिलीज; जानें वजह

0 360

नई दिल्‍ली : टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बीच भारतीय खेमे से बड़ी खबर समने आ रही है। बताया जा रहा है कि रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल(Shubman Gill) और आवेश खान बीच टूर्नामेंट में भारत लौटेंगे। यह दोनों खिलाड़ी भारतीय टीम के साथ सुपर-8 के मुकाबलों के लिए वेस्टइंडीज की यात्रा नहीं करेंगे।

भारतीय टीम मैनेजमेंट ने इसका फैसला काफी देरी से लिया है। टीम इंडिया ने इस आईसीसी इवेंट में अभी तक तीन मुकाबले न्यूयॉर्क में खेले हैं। इन दोनों ही खिलाड़ियों ने 15 खिलाड़ियों वाले भारतीय स्क्वॉड के साथ इस दौरान जमकर ट्रेनिंग की थी। टीम इंडिया अब लीग स्टेज के अपने चौथे और आखिरी कनाडा के खिलाफ मुकाबले के लिए फ्लोरिडा रवाना हो गई है। शुभमन गिल और आवेश खान ने भी इस दौरान भारतीय टीम के साथ यात्रा की, मगर वह सुपर-8 के लिए भारतीय टीम के साथ नहीं होंगे।

बता दें, टी20 वर्ल्ड कप के रिजर्व खिलाड़ियों के रूप में शुभमन गिल और आवेश खान के अलावा रिंकू सिंह और खलील अहमद को भी चुना गया था। गिल और आवेश के अलावा अन्य दोनों खिलाड़ी भारतीय टीम के साथ बने रहेंगे और सुपर-8 के लिए टीम इंडिया के साथ ही ट्रेवल करेंगे। सूत्र ने बताया, “यह भारतीय टीम प्रबंधन का फैसला है। मूल योजना के अनुसार, गिल और आवेश दोनों को पूरे टूर्नामेंट के लिए यात्रा करनी थी, लेकिन प्रबंधन ने अब उन्हें रिलीज करने का फैसला किया है।”

रिजर्व खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल खलील, आवेश और रिंकू जैसे खिलाड़ी पाकिस्तान के खिलाफ हाई-वोल्टेज मैच के दौरान स्टैंड से टीम को सपोर्ट करते नजर आए थे, लेकिन गिल इस मैच में अनुपस्थित रहे। दाएं हाथ के इस बेहतरीन खिलाड़ी ने उस मैच के लिए स्टेडियम में जाने से मना कर दिया और होटल में ही रहने का फैसला किया था।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.