नोएडा : नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (वीटी) ने गुरुवार को मीडिया कर्मियों के साथ वार्ता करते हुए जनगणना प्रक्रिया और स्वगणना के महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि 7 मई 2026 से 21 मई 2026 तक नागरिक स्वगणना की प्रक्रिया के तहत निर्धारित वेबसाइट पर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ मीडिया कर्मियों की स्वगणना भी कराई गई।
स्वगणना से बचेगा समय, SE-ID होगी जरूरी
वार्ता के दौरान अधिकारियों ने बताया कि स्वगणना करने वाले नागरिकों को एक विशेष SE-ID प्राप्त होगी। भविष्य में जब जनगणना कर्मी घर-घर पहुंचेंगे, तब संबंधित नागरिकों को केवल अपनी SE-ID बतानी होगी। इससे नागरिकों और जनगणना कर्मियों दोनों का समय बचेगा और पूरी प्रक्रिया अधिक सुगम तरीके से पूरी की जा सकेगी।
22 मई से शुरू होगी घर-घर जनगणना
अधिकारियों ने जानकारी दी कि 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनगणना का कार्य किया जाएगा। इस दौरान नोएडा के सभी नागरिकों से सक्रिय सहयोग की अपील की गई है, ताकि जनगणना का कार्य समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरा हो सके।

विकास योजनाओं से जुड़ी है जनगणना
प्राधिकरण की ओर से कहा गया कि जनगणना का सीधा संबंध विकास योजनाओं और सरकारी नीतियों से होता है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान दी गई सभी सूचनाएं पूरी तरह गोपनीय रहेंगी और उनका किसी प्रकार का दुरुपयोग नहीं किया जा सकता।
सूचना देना हर नागरिक की जिम्मेदारी
बैठक में यह भी कहा गया कि जनगणना कर्मियों को सही और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना प्रत्येक नागरिक की प्राथमिक जिम्मेदारी है। वर्तमान समय में प्रगणकों का प्रशिक्षण चल रहा है। अधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी कर्मचारी बिना कारण प्रशिक्षण से अनुपस्थित पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
मीडिया वार्ता के दौरान विशेष कार्याधिकारी इंदु प्रकाश सिंह और प्रबंधक दीपक कुमार भी उपस्थित रहे।