किसानों के लिए बड़ी खबर, कृषि यंत्रों के लाभार्थियों का ई-लॉटरी से हुआ चयन, जानें किस ब्लॉक में कितने किसानों को मिला मौका

0 34

गौतमबुद्धनगर: गौतमबुद्धनगर में कृषि यंत्रों और फसल अवशेष प्रबंधन से जुड़े उपकरणों पर लाभ देने के लिए किसानों के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के तहत सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन और फसल अवशेष प्रबंधन के लिए कृषि यंत्रीकरण योजना के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय कार्यकारी समिति के समक्ष ई-लॉटरी कराई गई। इसमें जिले के किसानों ने भाग लिया।

106 कृषि यंत्रों के लक्ष्य के मुकाबले 291 किसानों ने की बुकिंग

उप कृषि निदेशक राजीव कुमार ने बताया कि योजना के तहत 16 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक किसानों को कृषि यंत्रों के लिए बुकिंग का अवसर दिया गया था। कुल 106 कृषि यंत्रों के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 291 किसानों ने बुकिंग की थी। बुक किए गए कृषि यंत्रों और फसल अवशेष प्रबंधन से संबंधित उपकरणों के लिए लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया।

किस ब्लॉक में कितने किसानों का हुआ चयन

ई-लॉटरी के माध्यम से विकासखंडवार किसानों का चयन किया गया। बिसरख विकासखंड में सुपर सीडर यंत्र के लिए एक किसान का चयन हुआ। दादरी विकासखंड में दो और जेवर विकासखंड में दो किसानों का चयन किया गया। सदर विकासखंड में भी दो किसानों को सुपर सीडर यंत्र के लिए चुना गया।

कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए दो किसानों का चयन

योजना के तहत 30 लाख रुपये परियोजना लागत वाले कस्टम हायरिंग सेंटर के दो लक्ष्यों के सापेक्ष भी किसानों का चयन किया गया। इसमें दादरी विकासखंड से एक और जेवर विकासखंड से एक किसान का चयन ई-लॉटरी के जरिए हुआ।

कंबाइन हार्वेस्टर से लेकर किसान ड्रोन तक का चयन

उप कृषि निदेशक ने बताया कि जेवर विकासखंड में कंबाइन हार्वेस्टर विद एसएमएस के लिए एक किसान और सदर विकासखंड में एक किसान का चयन किया गया। इसके अलावा रोटावेटर, किसान ड्रोन, स्ट्रॉ रीपर, लेजर लैंड लेवलर, कल्टीवेटर और हैरो समेत अन्य कृषि यंत्रों के लिए भी ई-लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया गया।

ई-लॉटरी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उप कृषि निदेशक राजीव कुमार ने जनपद स्तरीय कार्यकारी समिति के सभी सदस्यों और कार्यक्रम में मौजूद किसानों का आभार व्यक्त किया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.