गौतमबुद्धनगर: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों पर मंथन, यातायात से लेकर सुरक्षा तक सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश

0 33

 

गौतमबुद्धनगर: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आगामी 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर, ग्रेटर नोएडा में होने वाले आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए विभागवार तैयारियों की समीक्षा की गई।

सभी समितियों की तैयारियों की हुई समीक्षा

बैठक में सांस्कृतिक समिति, प्रचार-प्रसार एवं ब्रांडिंग समिति, आवास व्यवस्था समिति, यातायात समिति और परिवहन समिति की तैयारियों की जानकारी ली गई। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने अधिकारियों से अब तक हुई तैयारियों की प्रगति पूछते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश की औद्योगिक, व्यापारिक, हस्तशिल्प, लघु एवं मध्यम उद्यम समेत विभिन्न क्षेत्रों की उपलब्धियों और क्षमताओं को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है। आयोजन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में अतिथियों, निवेशकों, उद्यमियों, प्रदर्शकों और आगंतुकों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और समयबद्ध कार्रवाई जरूरी है।

यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष जोर

अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने यातायात एवं परिवहन व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान संभावित यातायात दबाव को देखते हुए वाहनों के सुचारु आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पार्किंग, प्रवेश और निकास मार्ग के साथ वैकल्पिक रास्तों की भी समुचित व्यवस्था की जाए।

उन्होंने यातायात पुलिस, परिवहन विभाग, प्राधिकरण और अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से यातायात प्रबंधन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

बाहर से आने वाले मेहमानों के ठहरने की होगी व्यवस्था

आवास व्यवस्था समिति को निर्देश दिए गए कि बाहर से आने वाले अतिथियों, प्रतिनिधियों और प्रतिभागियों के ठहरने की व्यवस्था समय से पूरी कर ली जाए। जरूरत के अनुसार संबंधित होटल और अन्य संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित करने को भी कहा गया।

वहीं सांस्कृतिक समिति को ट्रेड शो के दौरान प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा और उससे जुड़ी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। प्रचार-प्रसार एवं ब्रांडिंग समिति को व्यापक प्रचार, प्रचार सामग्री, संकेतक, सूचना पट्ट और आयोजन स्थल पर ब्रांडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

बिजली और अग्निशमन व्यवस्था रहेगी दुरुस्त

अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने विद्युत विभाग और एनपीसीएल के अधिकारियों को आयोजन के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने को भी कहा गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी को आयोजन स्थल पर अग्नि सुरक्षा की सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण करने, पर्याप्त अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखने और आपातकालीन निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

चिकित्सा और खाद्य सुरक्षा की भी होगी निगरानी

मुख्य चिकित्साधिकारी को आयोजन स्थल पर आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं, चिकित्सकीय दल और आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराने को कहा गया। खाद्य सुरक्षा विभाग को आयोजन स्थल पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट की पर्याप्त व्यवस्था के निर्देश

दूरसंचार कंपनियों के अधिकारियों को आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क तथा इंटरनेट सेवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। इसका उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले प्रतिभागियों और आगंतुकों को संचार संबंधी किसी तरह की परेशानी से बचाना है।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के साथ आयोजन से पहले व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर समस्या या अतिरिक्त आवश्यकता सामने आने पर संबंधित विभागों से तत्काल समन्वय कर उसका समाधान कराया जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आयोजन के दौरान सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, विद्युत, अग्निशमन, चिकित्सा, पेयजल, खाद्य सुरक्षा, दूरसंचार और पार्किंग जैसी सभी मूलभूत व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारु रहनी चाहिए। सभी अधिकारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ काम करें, ताकि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 बेहतर समन्वय, उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और सुरक्षित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

बैठक में यमुना विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया, ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण की ओएसडी गुंजा सिंह, डीसीपी आर.के. गौतम, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद मिश्रा, इंडिया एक्सपो मार्ट के सीईओ सुदीप सरकार सहित जिला प्रशासन और प्राधिकरण के संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.