OBC छात्रों के लिए बड़ी खबर! छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का पूरा शेड्यूल जारी, जानिए आवेदन से सत्यापन तक की सभी अहम तारीखें

0 19

गौतमबुद्धनगर: अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए वित्तीय वर्ष एवं शैक्षिक सत्र 2026-27 की दशमोत्तर छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति योजना की समय-सारणी जारी कर दी गई है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसौदिया ने बताया कि शासन के निर्देशों के तहत जारी कार्यक्रम के अनुसार शिक्षण संस्थानों और विद्यार्थियों को निर्धारित तिथियों के भीतर सभी प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी, ताकि पात्र छात्रों को समय पर छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ मिल सके।

उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों के लिए यह रहेगा पूरा कार्यक्रम

दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति (उच्च शिक्षा) के लिए शिक्षण संस्थानों द्वारा मास्टर डाटा तैयार करने का कार्य 22 जुलाई 2026 से 15 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। मास्टर डाटा का सत्यापन 25 जुलाई 2026 से 14 सितम्बर 2026 तक होगा। विद्यार्थियों द्वारा ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन 15 सितम्बर 2026 से 15 अक्टूबर 2026 तक किए जा सकेंगे। वहीं शिक्षण संस्थानों द्वारा पात्र विद्यार्थियों के आवेदन का ऑनलाइन सत्यापन और अग्रसारण 15 सितम्बर 2026 से 25 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा।

कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए अलग समय-सारणी

पूर्वदशम छात्रवृत्ति (कक्षा 9-10) और दशमोत्तर छात्रवृत्ति (कक्षा 11-12) के लिए शिक्षण संस्थानों द्वारा मास्टर डाटा तैयार करने की अवधि 22 जुलाई 2026 से 5 अगस्त 2026 तक निर्धारित की गई है। मास्टर डाटा का सत्यापन 23 जुलाई 2026 से 9 अगस्त 2026 तक होगा। विद्यार्थियों के ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन 11 अगस्त 2026 से 25 अगस्त 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। वहीं शिक्षण संस्थानों को पात्र विद्यार्थियों के आवेदन का ऑनलाइन सत्यापन और अग्रसारण 11 अगस्त 2026 से 30 अगस्त 2026 तक पूरा करना होगा।

समय-सीमा का पालन करने के निर्देश

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसौदिया ने जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों से निर्धारित समय-सारणी के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी प्रक्रियाएं तय समय के भीतर पूरी होने से पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जा सकेगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.