चंबा में बड़ा सड़क हादसा: मुंडन संस्कार से लौट रहे एक ही गांव के 7 लोगों की मौत, खाई में गिरी बोलेरो

0 22

चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसे ने सात परिवारों की खुशियां छीन लीं। बुधवार देर रात करीब दो बजे मसरूंड–हमल मार्ग पर एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर ऊपरी सड़क से गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं।

मुंडन संस्कार से लौटते समय हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो ग्राम पंचायत कुठेड़ के महल गांव की थी। महल गांव के निवासी पंचायत के काकड़ोथा गांव में आयोजित मुंडन संस्कार के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद सभी लोग भोजन कर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बोलेरो गहरी खाई में जा समाई।

ग्रामीणों ने खाई में उतरकर निकाले शव

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने खाई में उतरकर शवों को बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई। रात का अंधेरा और दुर्गम पहाड़ी इलाका राहत एवं बचाव कार्य में बड़ी चुनौती बना रहा, जिसके चलते अभियान चलाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां सड़क किनारे सुरक्षा के लिए क्रैश बैरियर नहीं लगाए गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि सड़क पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था होती तो इस बड़े हादसे को रोका जा सकता था। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

हादसे की वजह तलाशने में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन मृतकों की पहचान और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करने में जुटा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आएगी।

एक दिन पहले भी चंबा में गई थीं दो जानें

चंबा जिले में यह लगातार दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। इससे एक दिन पहले एनएच-154ए पर बनीखेत-चंबा मार्ग स्थित डैम व्यू प्वाइंट के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई थी। वाहन नीचे चोहड़ा डैम मार्ग तक पहुंच गया था। कार में दो लोग सवार थे। सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन ने राहत अभियान चलाया, लेकिन दोनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। काफी मशक्कत के बाद उनके शव वाहन से बाहर निकाले गए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.