कांवड़ यात्रा के लिए गाजियाबाद में बड़ा ट्रैफिक अलर्ट! आज रात से भारी वाहनों की नो-एंट्री, 5 अगस्त से बसों के रूट भी बदलेंगे
गाजियाबाद: कांवड़ यात्रा को लेकर गाजियाबाद में यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव लागू किए जा रहे हैं। प्रशासन ने बुधवार रात से शहर में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का फैसला किया है। वहीं 5 अगस्त से 12 अगस्त तक बसों समेत कई अन्य वाहनों के संचालन के लिए भी नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित या डायवर्ट की जाएगी।
आज रात से भारी वाहनों का प्रवेश रहेगा बंद
यातायात व्यवस्था के तहत दिल्ली की ओर से गाजियाबाद आने वाले भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। हरिद्वार, अमरोहा, मुरादाबाद और लखनऊ की ओर जाने वाले वाहनों को रोड नंबर-56, चौधरी चरण सिंह मार्ग, गाजीपुर मंडी, एनएच-9, डासना इंटरसेक्शन होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे या अक्षरधाम से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के रास्ते भेजा जाएगा। बागपत से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन ट्रॉनिका सिटी, सोनिया विहार और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से होकर गुजरेंगे।
इन रास्तों से नहीं मिलेगी शहर में एंट्री
हापुड़ और बुलंदशहर की ओर से आने वाले भारी वाहन डासना पुल, लालकुआं और आत्माराम स्टील प्लांट तिराहे से शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। ऐसे वाहनों को एनएच-9 के जरिए वैकल्पिक मार्ग पर भेजा जाएगा। इसके अलावा लोनी बॉर्डर, लोनी कस्बा, संतोष मेडिकल कट, मेरठ तिराहा, गौर ग्रीन, खोड़ा, कालापत्थर, सेक्टर-62, छिजारसी, कनावनी पुस्ता और इंदिरापुरम की ओर भी भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
कई प्रमुख मार्गों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध
गंगनहर पटरी, कांवड़ मार्ग, पाइपलाइन मार्ग, एनएच-34 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भी भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। भोजपुर और हापुड़ से आने वाले वाहन मोदीनगर तथा दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की ओर नहीं जा सकेंगे। वहीं सौर ऊर्जा मार्ग से साहिबाबाद अंडरपास होते हुए जीटी रोड की तरफ भी यातायात बंद रहेगा।
5 अगस्त से बसों के संचालन में भी होगा बदलाव
कांवड़ यात्रा के दौरान 5 अगस्त से बसों के संचालन के लिए भी नई व्यवस्था लागू होगी। सीमापुरी बॉर्डर, तुलसी निकेतन, आनंद विहार और कौशांबी से शहर में बसों का प्रवेश बंद रहेगा। इन बसों को रोड नंबर-56, गाजीपुर मंडी, यूपी गेट, एनएच-9, डासना इंटरसेक्शन और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के जरिए संचालित किया जाएगा।
यातायात संबंधी जानकारी के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
यात्रियों और वाहन चालकों की सुविधा के लिए प्रशासन ने कई हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। यातायात संबंधी जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम के नंबर 9643322904 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा नगर नियंत्रण कक्ष 9643208942, ट्रांस हिंडन नियंत्रण कक्ष 9643204440, ग्रामीण नियंत्रण कक्ष 8939436700 और कांवड़ सेल प्रभारी निरीक्षक भानू प्रताप सिंह के मोबाइल नंबर 7017652500 पर भी आवश्यकता पड़ने पर संपर्क किया जा सकता है।