नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश ने जहां भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत दी, वहीं कई इलाकों में जलभराव और लंबा जाम भी देखने को मिला। लगातार बारिश के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई और हवा की गुणवत्ता भी सुधरकर संतोषजनक श्रेणी में पहुंच गई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक दिल्ली में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
बारिश से तापमान में आई बड़ी गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी के सफदरजंग मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे की तुलना में 9.1 डिग्री और सामान्य से 5.9 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री और पिछले दिन की तुलना में 3.1 डिग्री कम रहा।
कई इलाकों में हुई झमाझम बारिश
सुबह 8:30 बजे तक बीते 24 घंटों में सफदरजंग में 32.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक 57.6 मिलीमीटर अतिरिक्त बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान पूसा में सबसे अधिक 88.5 मिलीमीटर बारिश हुई। लोधी रोड में 68.8 मिलीमीटर, आयानगर में 51.5 मिलीमीटर, राजघाट में 47.2 मिलीमीटर, रिज में 40.6 मिलीमीटर, मयूर विहार में 36.0 मिलीमीटर, पालम में 27.8 मिलीमीटर और नजफगढ़ में 0.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
अगले दो दिन जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक 29 और 30 जुलाई तक दिल्ली में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। 29 जुलाई को अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं 30 जुलाई को न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
बारिश के बाद हवा भी हुई साफ
लगातार बारिश का असर राजधानी की वायु गुणवत्ता पर भी दिखाई दिया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार शाम 4 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 66 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है। वहीं रात 8:30 बजे पीएम 2.5 का स्तर 81 और पीएम 10 का स्तर 89 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रिकॉर्ड किया गया। सुबह 9 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 77 दर्ज किया गया था।
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से जलभराव वाले इलाकों में सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और बिजली के खंभों व खुले बिजली के तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। विभाग का कहना है कि बारिश के दौरान कई स्थानों पर यातायात प्रभावित हो सकता है।