ईवीएम-वीवीपैट की जांच को लेकर बड़ी कार्यशाला, 21 जिलों के अधिकारियों को दिया गया तकनीकी प्रशिक्षण

0 22

ग्रेटर नोएडा: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग यानी एफएलसी को निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराने के लिए गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त, भारत निर्वाचन आयोग मनीष गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में प्रदेश के 21 जनपदों के जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और एफएलसी सुपरवाइजर शामिल हुए।

कार्यशाला का उद्देश्य आगामी एफएलसी प्रक्रिया को लेकर अधिकारियों और संबंधित कार्मिकों को तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी देना था। कार्यक्रम में ईवीएम और वीवीपैट के संचालन से लेकर उनकी जांच से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों ने दिए जरूरी दिशा-निर्देश

कार्यशाला का उद्घाटन वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त भारत निर्वाचन आयोग मनीष गर्ग, मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा, सचिव भारत निर्वाचन आयोग मधुसूदन गुप्ता, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश अखंड प्रताप सिंह, अवर सचिव भारत निर्वाचन आयोग राकेश कुमार और उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश अमित सिंह ने किया।

इस दौरान वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने एफएलसी से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अधिकारियों का मार्गदर्शन किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने ईवीएम एवं वीवीपैट की एफएलसी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश और तकनीकी जानकारी साझा की।

अधिकारियों को ईवीएम की तकनीकी एवं प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था, एफएलसी की प्रक्रिया और अलग-अलग स्तर पर अधिकारियों तथा मास्टर ट्रेनरों की जिम्मेदारियों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

ईवीएम-वीवीपैट के पूरे जीवन चक्र की दी गई जानकारी

कार्यशाला में विशेषज्ञों ने ईवीएम और वीवीपैट के संपूर्ण जीवन चक्र से संबंधित प्रशिक्षण दिया। इसमें मशीनों के संचालन, रैंडमाइजेशन, कमीशनिंग, मतदान प्रक्रिया, मतगणना और मतगणना के बाद अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं सहित विभिन्न निर्धारित प्रोटोकॉल की जानकारी दी गई।

ईसीआईएल के विशेषज्ञ पी.सी. मंडल ने ईवीएम और वीवीपैट की तकनीकी संरचना तथा उनकी सुरक्षा विशेषताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं, भारत निर्वाचन आयोग के ईवीएम प्रभाग के सचिव मधुसूदन गुप्ता ने एफएलसी के दौरान सामने आने वाली सामान्य त्रुटियों और उनसे बचने के लिए जरूरी सावधानियों के बारे में अधिकारियों को बताया।

विशेषज्ञों ने कराया मशीनों का लाइव प्रदर्शन

कार्यशाला स्थल पर पर्याप्त संख्या में ईवीएम और वीवीपैट मशीनें उपलब्ध कराई गई थीं। बीईएल और ईसीआईएल के विशेषज्ञ इंजीनियरों ने अधिकारियों को मशीनों के संचालन और एफएलसी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन कराया।

इसके बाद कार्यशाला में शामिल अधिकारियों और कार्मिकों को स्वयं मशीनों का संचालन कर निर्धारित प्रक्रियाओं का अभ्यास कराया गया। हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया और ईवीएम-वीवीपैट से जुड़े तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं को समझा।

प्रशिक्षण के बाद हुआ प्रतिभागियों का मूल्यांकन

प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया गया। इसके साथ ही डाउट क्लियरिंग सत्र आयोजित कर अधिकारियों के सवालों और जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। सभी प्रतिभागियों से घोषणा-पत्र भी लिए गए, जिसमें उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान बताए गए विषयों को समझने और किसी प्रकार की शंका बाकी नहीं रहने की पुष्टि की।

एफएलसी में प्रोटोकॉल के शत-प्रतिशत पालन पर जोर

कार्यशाला के समापन पर अधिकारियों ने ईवीएम और वीवीपैट की एफएलसी प्रक्रिया को निर्धारित प्रोटोकॉल, पारदर्शिता और पूरी सावधानी के साथ संपन्न कराने पर जोर दिया। अधिकारियों ने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट से संबंधित प्रत्येक प्रक्रिया में निर्धारित दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, जिससे आगामी विधानसभा निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारु तरीके से संपन्न कराया जा सके।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों, जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और एफएलसी सुपरवाइजरों, मास्टर ट्रेनरों, ईसीआईएल विशेषज्ञों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के प्रति कार्यशाला में दिए गए मार्गदर्शन, सहयोग और सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यशाला में जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एफएलसी सुपरवाइजर, मास्टर ट्रेनर, ईसीआईएल के विशेषज्ञ और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.