‘जापान लैंड ऑफ राइजिंग सन तो यूपी लैंड ऑफ सूर्यवंश’, जापानी निवेशकों से बोले सीएम योगी- अब साझेदारी का सही समय

0 22

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी-जापान निवेश बैठक 2026 में राज्य की आर्थिक क्षमता के साथ अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और जापान के रिश्ते केवल आर्थिक सहयोग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों के बीच प्राचीन सभ्यतागत संबंध भी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जापान को ‘लैंड ऑफ राइजिंग सन’ कहा जाता है, जबकि उत्तर प्रदेश ‘लैंड ऑफ सूर्यवंश’ है।

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश को भारत का ‘फूड बास्केट’ बताते हुए कहा कि देश के कुल खाद्यान्न उत्पादन में राज्य की हिस्सेदारी करीब 21 प्रतिशत है। उन्होंने कृषि और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर भी जोर दिया।

यूपी को बताया ‘लैंड ऑफ अनलिमिटेड पोटेंशियल’

सीएम योगी ने कहा कि जापान ‘लैंड ऑफ राइजिंग सन’ है, जबकि उत्तर प्रदेश ‘लैंड ऑफ सूर्यवंश’ और ‘लैंड ऑफ श्रीराम’ है। उन्होंने यूपी को ‘लैंड ऑफ श्रीकृष्ण’, ‘लैंड ऑफ बुद्ध’ और ‘लैंड ऑफ अनलिमिटेड पोटेंशियल’ भी बताया।

बौद्ध तीर्थस्थलों और काला नमक चावल का जिक्र

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में स्थित कपिलवस्तु, सारनाथ, श्रावस्ती और कुशीनगर जैसे प्रमुख बौद्ध तीर्थस्थलों का उल्लेख किया। उन्होंने भगवान बुद्ध से जुड़े काला नमक चावल की भी चर्चा की और बताया कि यह उत्तर प्रदेश की वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना में शामिल है।

भारत की टॉप थ्री अर्थव्यवस्था में यूपी- योगी

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और सरकार की स्पष्ट नीयत के साथ उत्तर प्रदेश भारत की टॉप थ्री अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होकर देश का ग्रोथ इंजन बना है। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में सुरक्षा और स्थायित्व के साथ राज्य की प्रति व्यक्ति आय को तीन गुना करने में सफलता मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

96 लाख से ज्यादा एमएसएमई और 22 हजार से अधिक स्टार्टअप

मुख्यमंत्री के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई, 35 हजार से ज्यादा बड़े उद्योग और 22 हजार से अधिक स्टार्टअप राज्य की अर्थव्यवस्था को गति दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में 75 हजार एकड़ से अधिक का समर्पित औद्योगिक भूमि बैंक उपलब्ध है। सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश निवेश और नवाचार के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है। देश में मोबाइल उत्पादन का 55 प्रतिशत विनिर्माण भी उत्तर प्रदेश में हो रहा है।

जापानी उद्योगों के साथ रणनीतिक साझेदारी पर जोर

सीएम योगी ने कहा कि भारत-जापान के रणनीतिक दृष्टिकोण को अब उत्तर प्रदेश और जापानी उद्योगों के बीच निवेश, नवाचार, विनिर्माण और प्रौद्योगिकी साझेदारी के जरिए ठोस आर्थिक एवं औद्योगिक साझेदारी में बदलने का यह उपयुक्त समय है।

एस्कॉर्ट कुबोटा परियोजना से 4 हजार रोजगार की संभावना

मुख्यमंत्री ने कहा कि दो हजार करोड़ रुपये से अधिक की एस्कॉर्ट कुबोटा परियोजना के तहत करीब चार हजार रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। परियोजना के पहले चरण में हर साल 60 हजार ट्रैक्टर और 15 हजार निर्माण उपकरण तैयार करने की क्षमता प्रस्तावित की गई है।

जापानी उद्योग की गुणवत्ता और दीर्घकालिक सोच की तारीफ

सीएम योगी ने कहा कि जापानी उद्योग की सबसे बड़ी ताकत गुणवत्ता और दीर्घकालिक प्रतिबद्धता की सोच है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में दीर्घकालिक और मजबूत जापानी औद्योगिक तंत्र विकसित करना तथा जापान को प्रमुख साझेदार के रूप में स्थापित करना सरकार का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार एक विश्वसनीय सहयोगी के तौर पर जापानी निवेशकों के साथ खड़ी है।

फरवरी में जापान का दौरा कर चुके हैं योगी

इस साल फरवरी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जापान के दौरे पर गए थे। इस दौरान उन्होंने जापानी उद्योगपतियों और निवेशकों से मुलाकात की थी। भारत और जापान के संबंधों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा था कि सूर्य की पहली किरण से शुरू होने वाला जापान और सूर्यवंश की धरती उत्तर प्रदेश एक आत्मीय संवाद के जरिए जुड़े हुए हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.