भाजपा ने मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम का किया ऐलान

0 256

नई दिल्ली : भाजपा ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा होने से पहले ही अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने खासतौर से उन सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा इस लिस्ट में की है, जिन्हें पार्टी अपने लिए कमजोर मान कर चल रही है।

पार्टी ने यह नया प्रयोग इसलिए किया है ताकि कमजोर सीटों पर पार्टी उम्मीदवारों को संपर्क और प्रचार करने का ज्यादा मौका मिल सके। भाजपा ने गुरुवार को जारी अपने उम्मीदवारों की सूची में छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए 21 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है। जबकि, मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी ने अपने 39 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है।

बता दें कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में पार्टी मुख्यालय में 16 अगस्त (बुधवार) को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई थी, जिसमें कमजोर सीटों पर विस्तार से चर्चा करने के बाद इन नामों को फाइनल किया गया है।

भाजपा मध्यप्रदेश में 125 विधानसभा सीटों और छत्तीसगढ़ में 27 विधानसभा सीटों को अपने लिए कमजोर मान कर चल रही है, जिस पर बुधवार की बैठक में चर्चा हुई थी। ऐसे में यह स्पष्ट है कि आने वाले दिनों में पार्टी दोनों राज्यों के लिए उम्मीदवारों की और सूची भी जारी कर सकती है।

दरअसल, भाजपा ने विधानसभा चुनाव में जीत की संभावना के आधार पर सीटों को ए, बी, सी और डी (चार कैटेगरी) में बांट रखा है। पार्टी ने ए और बी कैटेगरी में उन सीटों को शामिल किया है, जहां पार्टी के चुनाव जीतने की संभावना ज्यादा है या पार्टी फाइट में है।

वहीं, सी और डी कैटेगरी में विधानसभा की उन सीटों को शामिल किया गया है, जहां भाजपा बहुत ही कम अंतर के साथ चुनाव जीती है या जहां कभी भी चुनाव जीत नहीं पाई है। पार्टी सी और डी कैटेगरी में शामिल सीटों को अपने लिए कमजोर मान कर चल रही है और इन्हीं कमजोर सीटों पर चुनाव जीतने की रणनीति तैयार करने के लिए बुधवार को केंद्रीय चुनाव समिति की यह अहम बैठक बुलाई गई थी। जिसमें इन नामों को तय किया गया था।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.