प्रेम विवाह के विरोध का खूनी अंजाम! प्रयागराज ट्रिपल मर्डर में सनसनीखेज खुलासा, ताऊ और दो चाचियों को मौत के घाट उतारने वाला निकला पड़ोसी युवक

0 18

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के मेजा क्षेत्र में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर केस का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड को अंजाम देने वाला कोई बाहरी नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार का पड़ोसी युवक था। पुलिस के मुताबिक प्रेम विवाह में बाधा बन रहे लड़की के ताऊ और दो चाचियों की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई थी।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी हिमांशु यादव पड़ोस में रहने वाली एक युवती से शादी करना चाहता था। युवती भी इस रिश्ते के लिए तैयार थी, लेकिन उसके ताऊ और दोनों चाचियां इस विवाह का लगातार विरोध कर रहे थे। इसी नाराजगी ने आरोपी को इतना उग्र बना दिया कि उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर तीन लोगों की हत्या की साजिश रच डाली।

सोते समय किया जानलेवा हमला

पुलिस के अनुसार आरोपी हिमांशु यादव अपने साथी राजन और निहाल के साथ रात में घर पहुंचा। तीनों ने सो रहे युवती के ताऊ और दोनों चाचियों पर बांस के खूंटे से हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया।

दूसरे गांव से दबोचा गया आरोपी

घटना के बाद पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के साथ स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई। जांच के दौरान आरोपी की गतिविधियों पर संदेह गहराया और पता चला कि वह क्षेत्र छोड़कर भागने की तैयारी में है। इसके बाद पुलिस और एसओजी टीम ने मेजा क्षेत्र के ही एक गांव से उसे गिरफ्तार कर लिया।

हथियार बरामदगी के दौरान भागने की कोशिश

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस आरोपी को हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कराने ले जा रही थी, तब उसने कथित तौर पर एक पुलिस अधिकारी की पिस्टल छीन ली और फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी। इसके बाद उसे काबू में कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुरानी प्रेम कहानी से जुड़ा मिला सुराग

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कुछ समय पहले आरोपी युवती को लेकर फरार हो गया था। बाद में ग्राम प्रधान की मध्यस्थता से दोनों परिवारों के बीच समझौता हुआ था। समझौते के बाद भी दोनों एक-दूसरे के संपर्क में बने रहे। इसी दौरान युवती ने अपने परिवार के कुछ सदस्यों द्वारा रिश्ते का विरोध किए जाने की जानकारी आरोपी को दी थी।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस पूछताछ में आरोपी हिमांशु यादव ने तीनों हत्याओं की बात स्वीकार कर ली है। उसने बताया कि वह अपनी प्रेमिका से विवाह करना चाहता था, लेकिन युवती के ताऊ और दोनों चाचियां लगातार इस रिश्ते का विरोध कर रही थीं। इसी कारण उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने बताई हत्या की वजह

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच समझौता होने के बाद भी युवक और युवती संपर्क में थे। युवती द्वारा परिवार के विरोध की जानकारी मिलने के बाद आरोपी के मन में बदले की भावना पैदा हो गई थी। प्रारंभिक जांच में यही कारण इस तिहरे हत्याकांड की मुख्य वजह के रूप में सामने आया है। पुलिस मामले में आरोपी के दोनों साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.