दिल्ली: कांवड़ रूट पर कांच के टुकड़े मिलने का मामला, साजिश नहीं, ई-रिक्शा ड्राइवर की लापरवाही है वजह

0 248

नई दिल्ली: दिल्ली के शालीमार गार्डन में कांवड़ रूट पर कांच के टुकड़े मिलने का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। बीजेपी विधायक संजय गोयल और कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा था कि असामाजिक तत्वों ने यह हरकत की है। कपिल मिश्रा ने आरोप लगाया था कि सौहार्द बिगाड़ने और कांवड़ यात्रा में बाधा पहुंचाने के लिए ऐसा किया गया है। हालांकि, पुलिस की जांच में सामने आया है कि एक ई-रिक्शा चालक की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। अब तक जांच में किसी भी तरह की साजिश का खुलासा नहीं हुआ है।

पुलिस ने घटना की जांच के बाद एक ई-रिक्शा चालक की पहचान की है, जो कि शालीमार गार्डन गाजियाबाद से सीलमपुर की ओर 19 कांच की शीट्स लेकर जा रहा था। ई-रिक्शा चालक की पहचान कुसुम पाल पुत्र रघुवीर सिंह (उम्र 43 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ए ब्लॉक, नंद नगरी का निवासी है और फिलहाल डीएलएफ गाजियाबाद स्थित बी-47, ग्राउंड फ्लोर पर किराये के मकान में रह रहा है।

ई-रिक्शा को टक्कर लगने के बाद फैले कांच के टुकड़े
पुलिस जांच में यह सामने आया कि ई-रिक्शा को पीछे से टक्कर लगी थी, जिससे कांच की शीट्स टूटकर सड़क पर गिर गईं और बिखर गईं। यह हादसा अनजाने में हुआ था, लेकिन इससे राहगीरों की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हुआ। फिलहाल पुलिस की जांच अभी जारी है।

क्या है मामला?
सावन का महीना शुरू होने के साथ ही देशभर से लोग कांवड़ यात्रा पर जा रहे हैं। कांवड़ियों के लिए कई रूट बनाए गए हैं, जिनके जरिए वह जल लेकर भगवान भोलेनाथ के द्वार तक पहुंच सकते हैं। हालांकि, दिल्ली में कांवड़ रूट पर लगभग एक किलोमीटर तक कांच के टुकड़े पाए गए। एक पीडब्लूडी इंडीनियर की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज कर ली, लेकिन जांच में सामने आया कि किसी साजिश नहीं, बल्कि ई-रिक्शा चालक की लापरवाही से कांच के टुकड़े सड़क पर फैल गए।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.