मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांके बिहारी मंदिर में हुए हादसे में हुई जनहानि पर जताया दुःख

0 499

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद मथुरा के वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर जुटी भारी भीड़ में देर रात जुटी दो श्रृद्धालुओं की दम घुटने से मौत होने और कुछ अन्य के बीमार होने की घटना पर गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने गृह विभाग को धार्मिक आयोजनों के दौरान भीड़ प्रबंधन के अतिरिक्त इंतजाम करने का भी निर्देश दिया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से शनिवार को जारी बयान के अनुसार योगी ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। योगी ने ट्वीट कर कहा, “मथुरा के श्री बांके बिहारी मंदिर परिसर में हादसे में हुई जनहानि अत्यंत हृदय विदारक है। घायलों के समुचित उपचार हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। परमपिता दिवंगत आत्माओं को शांति व शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करें। ॐ शांति।” गौरतलब है कि इस घटना में दम घुटने से दो लोगों की मौत हो गयी और कम से कम सात अन्य को बीमार हाेने पर अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। योगी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश देते हुए गृह विभाग को भी कहा है कि त्योहारों पर धर्मस्थलों में भीड़ को देखते हुए और कड़े इंतजाम किए जाए, ताकि किसी भी अनहोनी को रोका जा सके।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.