लखनऊ: पानी भरी सड़क किनारे नाले में गिरने से युवक की मौत, सीएम योगी ने जेई को सस्पेंड किया, 9 लाख के मुआवजे का ऐलान

0 229

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के ठाकुरगंज क्षेत्र में नाले में गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जूनियर इंजीनियर को तत्काल निलंबित करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही असिस्टेंट इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सीएम योगी ने पीड़ित परिवार को कुल 9 लाख रुपये (मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये और आपदा राहत कोष से 4 लाख रुपये) की आर्थिक सहायता प्रदान करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने लापरवाही की सजा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित निर्माण एजेंसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का भी आदेश दिया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी बयान के अनुसार सीएम योगी ने कहा कि यह केवल एक दुर्घटना नहीं है, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था में एक गंभीर चूक है, जिसे तत्काल सुधारा जाना आवश्यक है। राज्य सरकार ऐसी घटनाओं को बहुत गंभीरता से ले रही है, और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भविष्य में ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण पुनरावृत्ति न हो।

क्या है मामला?
शनिवार को लखनऊ में भारी बारिश के चलते सड़कों में पानी भर गया था। इस वजह से सड़क के गड्ढे और नाले दिखाई नहीं दे रहे थे। ऐसे में एक युवक खुले नाले में गिर गया और गंदे पानी में डूबने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। खुले नाले में बहने से युवक की मौत पर लखनऊ पश्चिम के डीसीपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने कहा, “सुरेश नाम के एक युवक की बारिश के दौरान मौत हो गई थी। उसका शव गोमती नदी और नाले के बीच के जंक्शन से बरामद हुआ है।”

पार्षद गिरफ्तार, सफाई कंपनी पर केस
डीसीपी ने बताया कि एसडीआरएफ और ठाकुरगंज थाने की टीम ने बड़ी मुश्किल से शव बरामद किया। जिस वार्ड में यह घटना हुई, उसके पार्षद को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है, जिसमें कहा गया है कि सफाई कंपनी के ठेकेदार ने काम ठीक से नहीं किया, जिसके कारण यह घटना हुई। ठेकेदार के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर ली गई है।”

पेंटर का काम करते थे सुरेश
पेंटर का काम करने वाले सुरेश लोधी शनिवार सुबह लगातार बारिश के दौरान मल्लाही टोला-1 वार्ड में कथित तौर पर एक नाले में फिसल गए थे। बताया जा रहा है कि पुराना नाला कुछ हिस्सों में टूट गया था, जो इलाके में जलभराव के कारण छिप गया था। सुरेश लोधी का शव रविवार सुबह राज्य आपदा राहत बल और लखनऊ नगर निगम की टीम ने उस जगह से लगभग 1 से 1.5 किलोमीटर आगे बरामद किया, जहां वह नाले में समा गए थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि अगर उन्हें कहीं भी कोई खुला नाला या मैनहोल दिखाई दे तो तुरंत निगम को टोल फ्री नंबर 1533 पर सूचित करें।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.