अमेरिका में हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बीच शीतलहर का प्रकोप जारी

0 319

वाशिंगटन: अमेरिका (America) के अधिकतर हिस्से में सोमवार को भी हाड़ कंपा देने वाली ठंड और शीतलहर (Cold Wave) का प्रकोप जारी रहा। मैरीलैंड (Maryland) के कॉलेज पार्क में राष्ट्रीय मौसम सेवा में मौसम विज्ञानी जैक टेलर (Jack Taylor) ने कहा कि करीब 15 करोड़ अमेरिकियों के लिए ठंडी हवा चलने की चेतावनी या खतरनाक ठंड संबंधी परामर्श जारी किया गया है।

इसके साथ ही आर्कटिक से आ रहे तूफान का असर अमेरिका के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में देखा जा सकता है। रविवार सुबह उत्तरी और उत्तरपूर्वी मोंटाना में पारा शून्य से 6.7 डिग्री सेल्सियस से लेकर शून्य से 40 सेल्सियस तक दर्ज किय गया। टेलर ने बताया कि मोंटाना के साको में तापमान शून्य से 26 सेल्सियस नीचे चला गया। कंसास, मिसौरी, इलिनोइस और इंडियाना के कुछ हिस्सों में भी पारा शून्य से नीचे बना हुआ है।

शनिवार को व्यापक पैमाने पर शुरू की गयी बिजली कटौती के बाद अमेरिका में करीब 1,14,000 घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की बत्ती गुल है जिनमें से ज्यादातर ओरेगोन में हैं। पोर्टलैंड जनरल इलेक्ट्रिक ने आगाह किया है कि सोमवार को तेज हवा चलने का पूर्वानुमान है और मंगलवार को बर्फीले तूफान के कारण बिजली आपूर्ति संबंधी मरम्मत के प्रयासों में देरी हो सकती है। शिकागो समेत प्रमुख शहरों में मंगलवार को कक्षाएं निलंबित कर दी गयी।

तूफान के कारण पोर्टलैंड के आसपास सप्ताहांत में कम से कम चार लोगों की मौत हो गयी जिनमें से दो लोगों की मौत संदिग्ध हाइपोथर्मिया (अत्यधिक ठंड) के कारण हुई। अधिकारियों ने बताया कि मिलवॉकी इलाके में तीन बेघर लोगों की मौत की जांच की जा रही है।

ऐसी आशंका है कि उनकी मौत हाइपोथर्मिया के कारण हुई। उटाह में 24 घंटे के दौरान पर्वतीय क्षेत्र में करीब चार फुट तक बर्फबारी हुई और एक व्यक्ति की रविवार रात को मौत हो गयी। व्योमिंग में स्कीइंग करने वाले एक व्यक्ति की हिमस्खलन के कारण मौत हो गयी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.