धर्मशाला से ज्यादा ठंडी हुई दिल्ली, अगले दो से तीन दिन में पांच डिग्री तक जा सकता है पारा

0 104

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में शुक्रवार इस सत्र का सबसे ठंडा दिन रहा। गुरुवार को जहां न्यूनत्तम तापमान 6.4 डिग्री था, वहीं शुक्रवार को यह गिरकर 6.2 डिग्री पर पहुंच गया। शुक्रवार को दिल्ली की सर्दी ने धर्मशाला को भी पीछे छोड़ दिया। धर्मशाला में जहां शुक्रवार को न्यूनत्तम तापमान 8.2 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं दिल्ली में न्यूनत्तम तापमान 6.2 रहा है। अगले दो से तीन दिनों में न्यूनत्तम तापमान गिरकर 5 डिग्री तक जा सकता है।

मौसम वैज्ञानिक महेश पालावत ने बताया कि गुरुवार को जहां पश्चिम दिशा से हवाएं चल रही थीं जबकि शुक्रवार को उत्तर-पश्चिम दिशा से हवा बही। दिल्ली में आसमान के साफ होने एवं उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही हवाओं के चलते ठंड बढ़ रही है। दिल्ली में आसमान साफ होने के साथ ही सुबह के समय कोहरा भी नहीं है। दिन के समय धूप निकलने के चलते ठंड कम है, लेकिन सुबह एवं शाम के समय ठंड बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि अभी कोहरे के आने की संभावना नहीं है, जिसके चलते दिन में मौसम साफ रहेगा।

शुक्रवार को आया नगर और सफदरजंग में न्यूनत्तम तापमान 6.2 डिग्री दर्ज किया गया है। यह न्यूनत्तम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम है। वहीं अधिकत्तम तापमान 24.5 डिग्री दर्ज किया गया है, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार, 17 से 19 दिसंबर के बीच न्यूनत्तम तापमान 5 डिग्री के आसपास जा सकता है। ऐसा होने पर सुबह एवं शाम के समय ठंड बढ़ेगी लेकिन अगले कुछ दिनों तक दोपहर के समय धूप खिली रहेगी।

दिल्ली में एक बार फिर प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगा है। दो दिनों तक साफ हवा रहने के बाद शुक्रवार को दिल्ली की हवा एक बार फिर खराब श्रेणी में पहुंच गई। शुक्रवार सुबह जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 199 दर्ज किया गया, वहीं शाम को बढ़कर यह 231 पर पहुंच गया। सफर का मानना है कि अगले तीन दिनों तक प्रदूषण खराब श्रेणी में बना रह सकता है। जानकारी के अनुसार, बीते दो दिनों से वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 से नीचे चला गया था। इसके चलते दिल्ली में हवा काफी साफ हो गई थी। लेकिन शुक्रवार को सुबह से ही प्रदूषण बढ़ने लगा। दोपहर बाद दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में पहुंच गई।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.