दिल्ली पुलिस ने एसिड अटैक मामले में तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

0 109

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में एक भयानक घटना सामने आई है। यहां के द्वारका इलाके में एक 17 वर्षीय स्कूली छात्रा पर एसिड अटैक किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले के सभी तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी डीसीपी एम हर्षवर्धन ने दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर के मोहन गार्डन इलाके में बुधवार(14 दिसंबर) की सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली 17 वर्षीय लड़की पर बाइक सवार दो नकाबपोश व्यक्तियों ने तेजाब फेंक दिया था, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। सफदरजंग अस्पताल में एक चिकित्सक ने कहा, “उसका (पीड़िता का) चेहरा सात-आठ प्रतिशत तक झुलस गया है और आंखें भी प्रभावित हुई हैं। उसे आईसीयू में रखा गया है और उसकी हालत स्थिर है।”

स्पेशल सीपी सगरप्रीत हुड्डा ने बताया कि, दिल्ली के मोहन गार्डन थाने इलाके में एक छात्रा पर दो लड़को ने एसिड फेंका। इस मामले के मुख्य आरोपी सचिन अरोड़ा और हर्षित को पहले गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, उसके साथी आरोपी वीरेंद्र सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। हुड्डा ने बताया कि, वीरेंद्र सचिन का मोबाइल लेकर दूसरी जगह पर था ताकि जांच हो तो पुलिस को लगे कि सचिन की लोकेशन कहीं और है। पुलिस ने बताया कि, आरोपियों ने तेजाब फ्लिपकार्ट से खरीदा था।

दिल्ली पुलिस ने यह भी बताया कई, सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। डीसीपी एम हर्षवर्धन ने कहा कि आरोपियों ने हो सकता है कि पीड़िता के घर की रेकी की हो। उन्होंने यह भी बताया कि, बाइक सवार दो आरोपी पीड़िता के घर के पास ही रहते थे।

एलजी ने मांगा जवाब
इस घटना के बाद दिल्ली के उप राज्यपाल वी के सक्सेना ने दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा से बात की है। इसके बाद एसजी के ऑफिस ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “उपराज्यपाल ने आज द्वारका मोड़ पर हुई तेजाब हमले की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में पुलिस आयुक्त से बात की और घटना को लेकर विस्तृत रिपोर्ट मांगी। इस रिपोर्ट में यह भी बताने के लिए कहा गया है कि शहर में बिक्री पर प्रतिबंध के बावजूद तेजाब कैसे खरीदा गया।”

दुकानदार ने दर्द कम करने के लिए उसके चेहरे पर दूध डाला: परिजन
वहीं, पीड़ित छात्रा के पिता ने कहा कि, बेटी ने कभी किसी छेड़खानी या किसी परेशानी की शिकायत नहीं की थी। छात्रा के चाचा ने बताया कि वो अपनी बहन के साथ जा रही थी तभी उस पर एसिड अटैक किया गया। पीड़िता के चाचा ने यह भी बताया कि, असहनीय दर्द होने पर वह मदद के लिए पास की दुकानों की ओर दौड़ी, तो एक दुकानदार ने दर्द कम करने के लिए उसके चेहरे पर दूध डाला।

ये बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जा सकता: केजरीवाल
एसिड अटैक की घटना पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, “ये बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। अपराधियों की इतनी हिम्मत आखिर हो कैसे गई? अपराधियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। दिल्ली में हर बेटी की सुरक्षा हमारे लिए महत्त्वपूर्ण है।”

कब जगेंगी सरकारें?: स्वाति मालीवाल
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा कि द्वारका मोड़ के पास एक स्कूली छात्रा पर तेजाब फेंका गया। पीड़िता की मदद के लिए टीम अस्पताल पहुंच रही है। बेटी को इंसाफ दिलाएंगे। दिल्ली महिला आयोग वर्षों से देश में तेजाब बैन करने की लड़ाई लड़ रहा है। कब जगेंगी सरकारें?

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.