नवयुग पालिका योजना के तहत दादरी में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, जिलाधिकारी ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

0 15

गौतमबुद्धनगर में नवयुग पालिका योजना के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी ने की, जिसमें नगर पालिका परिषद दादरी द्वारा प्रस्तुत विकास प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में नगर पालिका परिषद दादरी की अध्यक्ष गीता पंडित, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, लोक निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता कंचन वर्मा, वरिष्ठ कोषाधिकारी शिखा गुप्ता, अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और शहरी निकाय सलाहकार समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

नगर क्षेत्र के विकास कार्यों का प्रस्तुत किया गया खाका

बैठक के दौरान नगर पालिका परिषद दादरी की अधिशासी अधिकारी द्वारा नवयुग पालिका योजना के तहत कराए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की गई। अधिकारियों ने प्रस्तावित कार्यों के स्वरूप, आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की।

शासन को जल्द भेजे जाएं प्रस्ताव: जिलाधिकारी

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि नगर पालिका परिषद क्षेत्र में प्रस्तावित सभी विकास कार्यों को वित्तीय वर्ष 2026-27 की नवयुग पालिका योजना में शामिल कराने की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि स्वीकृति और धन आवंटन के लिए शासन को शीघ्र प्रस्ताव भेजे जाएं, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।

समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे हों कार्य

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन से स्वीकृति मिलने के बाद सभी विकास कार्यों को निर्धारित समयावधि के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.