ईडी, आईटी और सीबीआई, भाजपा के 3 जमाई : तेजस्वी

0 647

पटना । बिहार के उप मुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा सरकार पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा जहां भी सत्ता में नहीं होती वहां अपने तीन जमाइयों को आगे करती है। इसमें ईडी, सीबीआई और आईटी (इनकम टैक्स विभाग) शामिल है। बिहार विधानसभा में विश्वास मत पर बहस में भाग लेते हुए तेजस्वी ने नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने देश हित और बिहार हित में निडर होकर फैसला किया।

उन्होंने राजद और जदयू को समाजवादी पार्टी बताते हुए कहा कि लालू प्रसाद ने आज तक सांप्रदायिक ताकतों के साथ हाथ नहीं मिलाया। उन्होंने भाजपा के बिहार में जंगल राज बताए जाने पर तंज कसते हुए कहा कि हम भाजपा से पूछना चाहते हैं उनके पास ऐसा कौन सा तिलिस्म है जिससे वे सत्ता में रहते हैं तो मंगलराज रहता है। वहीं सत्ता से बाहर रहते ही जंगलराज आ जाता है। तेजस्वी ने कहा कि जंगलराज कहना बिहार की आत्मा को गाली देना है।

उन्होंने कहा कि आज संविधान को भुलाया जा रहा है। महंगाई चरम पर है, लेकिन कहीं कुछ नहीं हो रहा है। कुछ मीडिया हाउस द्वारा गुरुग्रम के एक मॉल को तेजस्वी यादव का बताए जाने पर कहा कि कुछ मीडिया हाउस यह बता रहे हैं कि गुरुग्राम के जिस माल में सीबीआइ छापेमारी कर रही है, वह तेजस्वी का मॉल है।तेजस्वी ने दावा कि देश की सबसे बड़ी एजेंसी कैसे जांच कर रही है, जो मॉल मेरा है ही नहीं, उसे मेरा नाम दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि मैंने उस मॉल के बारे में पूरी जानकारी निकाली तो पता चला कि उसके डायरेक्टर हरियाणा के रहने वाले हैं। इस मॉल का उद्घाटन भाजपा सांसद ने किया है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.