जल जीवन मिशन घोटाले में ED की बड़ी कार्रवाई, पूर्व मंत्री का करीबी गिरफ्तार

0 300

जयपुर: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राजस्थान के जल जीवन मिशन (जेजेएम) घोटाले में पूर्व जल आपूर्ति मंत्री महेश जोशी के एक करीबी सहयोगी संजय बड़ाया को गिरफ्तार किया है। इस मामले में धन शोधन कानून की धाराओं के तहत ईडी द्वारा की गई यह चौथी गिरफ्तारी है। ईडी सूत्रों ने बताया कि बड़ाया को मंगलवार देर शाम अदालत में पेश किया गया और उन्हें चार दिन की रिमांड पर लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि बड़ाया को सुबह 9 बजे ईडी कार्यालय बुलाया गया था और करीब पांच घंटे तक उनसे पूछताछ की गई।

ईडी के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें कुछ ऐसे सबूत और दस्तावेज मिले हैं, जिनसे पता चलता है कि बड़ाया इस घोटाले से संबंधित धन शोधन में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।

अधिकारी ने बताया कि पिछले साल सितंबर में जयपुर में 18 से 20 स्थानों पर की गई छापेमारी के दौरान अवैध रूप से अर्जित धन के बारे में जानकारी मिली थी। जांच के दौरान पता चला कि संजय बड़ाया निजी ठेकेदारों और बिचौलियों के संपर्क में थे और पीएचईडी अधिकारियों की ओर से रिश्वत ले रहे थे। वह अधिकारियों और ठेकेदारों के बीच कड़ी की भूमिका निभा रहे थे।

जांच में पता चला कि संजय बड़ाया पूर्व पीएचईडी मंत्री महेश जोशी का दाहिना हाथ थे और कार्यालय और उनकी फाइलों में भी उनका हस्तक्षेप था। इस मामले में अब तक ईडी पीयूष जैन और उसके पिता पदम चंद जैन और महेश मित्तल को गिरफ्तार कर चुकी है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.