दिल्ली में भीषण गर्मी का कहर: 45 डिग्री के पार पहुंचा तापमान, CM रेखा गुप्ता ने स्कूलों और श्रमिकों के लिए जारी की सख्त गाइडलाइन

0 22

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है और पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। हालात को देखते हुए रेखा गुप्ता सरकार ने व्यापक स्तर पर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। लू के बढ़ते खतरे को ध्यान में रखते हुए कर्मचारियों और श्रमिकों को दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक अनिवार्य विश्राम देने का फैसला लिया गया है, ताकि हीट स्ट्रोक से बचाव किया जा सके।

स्कूलों और बच्चों के लिए विशेष इंतजाम
सरकार ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बस स्टॉप पर ठंडे पानी की व्यवस्था करने और बसों में आइस बॉक्स रखने के निर्देश दिए हैं। जरूरत पड़ने पर छात्रों को स्कूल से निकलने से पहले ओआरएस घोल देने की भी व्यवस्था की जा सकती है, ताकि सफर के दौरान डिहाइड्रेशन से बचा जा सके।

निर्माण श्रमिकों के लिए राहत, दोपहर में काम पर रोक
भीषण लू के बीच निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों के लिए खास दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक बाहरी काम रोकने, पीने के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने और धूप से बचाव के लिए टोपियां देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कार्यस्थलों पर प्राथमिक उपचार किट और बर्फ के पैकेट रखने को कहा गया है।

पशु-पक्षियों के लिए भी विशेष व्यवस्था
सरकार ने दिल्ली विकास प्राधिकरण, शिक्षा विभाग और दिल्ली जल बोर्ड को निर्देश दिया है कि पार्कों, बस डिपो और स्कूल परिसरों में पशु-पक्षियों के लिए पानी और छाया की पर्याप्त व्यवस्था की जाए।

‘कूल रूफ पॉलिसी 2026’ पर तेज़ी से काम
दीर्घकालिक समाधान के तहत सरकार ‘कूल रूफ पॉलिसी 2026’ को लागू करने की दिशा में काम कर रही है। कश्मीरी गेट आईएसबीटी में करीब 28,674 वर्ग फुट क्षेत्र में परावर्तक कोटिंग की गई है, जिससे तापमान कम रखने में मदद मिलेगी। इसके अलावा बस स्टॉप पर मिस्टिंग सिस्टम और घनी आबादी वाले इलाकों में एंटी-स्मॉग गन का इस्तेमाल भी किया जाएगा।

कई इलाके हाई-रिस्क जोन में शामिल
सरकार ने सैटेलाइट डेटा के आधार पर शहर के कई इलाकों को हाई-रिस्क हीट जोन के रूप में चिन्हित किया है। दक्षिण दिल्ली का आयानगर सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में है, जहां तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। इसके अलावा नजफगढ़, सफदरजंग, वजीरपुर, जहांगीरपुरी, ख्याला, शास्त्री पार्क, विश्वास नगर और दिल्ली गेट जैसे इलाकों में भी गर्मी का असर गंभीर बना हुआ है।

स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, हेल्पलाइन जारी
स्वास्थ्य विभाग दिल्ली ने 13 जिलों में फैले 339 से अधिक स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट पर रखा है। 30 से ज्यादा अस्पतालों में लू के मरीजों के लिए विशेष “कूल रूम” बनाए गए हैं। लोगों की मदद के लिए 1077, 1070 और 112 हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। साथ ही 39 त्वरित प्रतिक्रिया दल और प्रशिक्षित आशा कार्यकर्ता भी तैनात किए गए हैं।

बिजली की मांग में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि इस बार दिल्ली में बिजली की अधिकतम मांग 9,000 मेगावाट से अधिक पहुंच सकती है, जबकि पिछले साल यह 8,442 मेगावाट रही थी। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि बिजली आपूर्ति पूरी तरह से सुचारु बनी रहेगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.