मशहूर म्यूजिक कंपोजर अभिजीत मजूमदार का निधन, 54 साल की उम्र में AIIMS भुवनेश्वर में तोड़ा दम

0 436

भुवनेश्वर। ओडिया फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने और लोकप्रिय संगीतकार अभिजीत मजूमदार का रविवार, 25 जनवरी को निधन हो गया। 54 वर्षीय दिग्गज म्यूजिक कंपोजर ने AIIMS भुवनेश्वर में इलाज के दौरान जिंदगी की जंग हार दी। बीते करीब पांच महीनों से वह कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे। उनके निधन से ओडिया सिनेमा और संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

अभिजीत मजूमदार अगस्त 2025 से लगातार अस्वस्थ चल रहे थे। इस दौरान उनकी सेहत में कई बार उतार-चढ़ाव आया और उन्हें कई बार ICU में भर्ती कराना पड़ा। कुछ मौकों पर हालात में सुधार की उम्मीद जगी, लेकिन आखिरकार यह उम्मीद मातम में बदल गई। उनके निधन को ओडिया म्यूजिक इंडस्ट्री में एक युग के अंत के तौर पर देखा जा रहा है।

2000 के दशक में बदली ओडिया संगीत की दिशा

11 सितंबर 1971 को जन्मे अभिजीत मजूमदार 2000 के दशक की शुरुआत में ओडिया संगीत जगत में एक नई पहचान बनकर उभरे थे। उनके संगीत ने क्षेत्रीय सिनेमा को नई ऊर्जा दी और युवाओं के बीच खास लोकप्रियता हासिल की। उन्होंने ‘लव स्टोरी’, ‘सिस्टर श्रीदेवी’, ‘गोलमाल लव’, ‘सुंदरगढ़ रा सलमान खान’ और ‘श्रीमान सूरदास’ जैसी कई चर्चित फिल्मों के लिए यादगार संगीत दिया।

उनकी बहुमुखी प्रतिभा और अलग संगीत शैली ने उन्हें सिर्फ ओडिया सिनेमा तक सीमित नहीं रखा, बल्कि देशभर में उन्हें सम्मान और पहचान दिलाई।

लाइफ सपोर्ट पर थे अभिजीत, कई बीमारियों से थे ग्रस्त

शनिवार, 24 जनवरी की रात अभिजीत मजूमदार की हालत अचानक बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें लाइफ सपोर्ट पर रखा गया। वह हाइपरटेंशन, हाइपोथायरायडिज्म और क्रॉनिक लिवर डिजीज जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। क्रॉनिक लिवर डिजीज के इलाज के लिए वह AIIMS भुवनेश्वर में भर्ती थे, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

700 से ज्यादा गीतों की अमिट विरासत छोड़ गए

अभिजीत मजूमदार ने अपने करियर में फिल्मों, एल्बम और क्षेत्रीय संगीत के लिए 700 से ज्यादा गीतों का संगीत तैयार किया। उनके जाने से न सिर्फ ओडिया फिल्म इंडस्ट्री ने एक बेहतरीन संगीतकार खो दिया है, बल्कि युवा कलाकारों ने एक मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत भी खो दिया है।

पत्नी और बेटे को छोड़ गए पीछे

अभिजीत मजूमदार के निधन के बाद उनके परिवार में पत्नी रंजीता मजूमदार और एक बेटा रह गए हैं। उनकी लंबी बीमारी के दौरान ओडिया फिल्म और संगीत जगत के कई कलाकार उनके साथ खड़े रहे और उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ करते रहे। सोशल मीडिया पर इंडस्ट्री से जुड़े लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनके योगदान को याद कर रहे हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.