तेज रफ्तार ने ली जान, डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, दो लोगों की हुई मौत

0 488

हापुड़: हापुड़ जिले के बाबू गढ़ क्षेत्र में बाईपास पर मंगलवार रात एक तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट जाने से दो लोगों की मौत हो गई और इतने ही अन्य घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस सूत्रों ने दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दिल्ली के निवासी शोएब, फैज, साहिल, अली और हर्षित गुप्ता नैनीताल की यात्रा से लौट रहे थे। सूत्रों ने बताया कि रास्ते में उनकी कार जब बाबू गढ़ क्षेत्र में बछलोटा फ्लाईओवर के पास पहुंची तो चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। उन्होंने बताया कि इस घटना में शोएब और फैज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साहिल, अली और हर्षित घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मंत्री के काफिले की कार दूसरे वाहन से टकराई
वहीं एक दूसरे मामले में उत्तर प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी मंगलवार को हापुड़ जिले के पिलखुवा क्षेत्र में दिल्ली से अमरोहा जाते वक्त उस समय घायल हो गयीं जब उनकी कार काफिले के एक अन्य वाहन से टकरा गयी। इस घटना में मंत्री समेत दो लोग घायल हुए हैं। उन्हें रामा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार चालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी दिल्ली से अमरोहा जा रही थीं और रास्ते में छिजारसी चौकी के पास उनकी कार काफिले में आगे चल रही गाड़ी से टकरा गयी। पुलिस के अनुसार इस दुर्घटना में गुलाब देवी को हल्की चोटें आयी हैं। इस घटना में उनगाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस ने दी जानकारी
पुलिस के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मंत्री को दूसरी गाड़ी से रामा अस्पताल भेजा गया। उपचार के बाद उनका काफिला अमरोहा रवाना हो गया। पुलिस ने सम्बन्धित कार चालकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानन्जय सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मंत्री गुलाब देवी का हालचाल जाना। घटना की जांच के निर्देश दिए गए हैं। इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.