खाद्य विभाग का बड़ा अभियान! अचार, सॉस, सिरका और चटनी के नमूने जांच के लिए भेजे गए, मिलावटखोरों पर कसेगा शिकंजा

0 18

गौतम बुद्ध नगर: जनपदवासियों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर जिलेभर में प्रोसेस्ड फ्रूट एवं वेजिटेबल उत्पादों की निर्माण इकाइयों और थोक विक्रेताओं पर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की विभिन्न टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कई खाद्य उत्पादों के नमूने संग्रहित किए। इन नमूनों को गुणवत्ता और मानकों की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

निर्माण इकाइयों और थोक विक्रेताओं पर हुई सघन जांच

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि आम उपभोक्ताओं तक गुणवत्तायुक्त और सुरक्षित खाद्य उत्पाद पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता ने दादरी स्थित एक खाद्य निर्माण इकाई से मिक्स अचार और रेड चिली सॉस के नमूने लिए।

वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद इबादुल्लाह और रितु सक्सेना की संयुक्त टीम ने बिसरख क्षेत्र के एक थोक विक्रेता प्रतिष्ठान से सिरका और चटनी के नमूने संग्रहित किए।

ब्लैक बीन्स सॉस का भी लिया गया नमूना

अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी मालती ने इकोटेक-6 स्थित एक निर्माण इकाई से ब्लैक बीन्स सॉस का नमूना लिया। इस प्रकार कुल पांच खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्रित किए गए हैं।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार सभी नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, जहां उनकी गुणवत्ता, शुद्धता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप जांच की जाएगी।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में मिलावट और खाद्य गुणवत्ता से जुड़ी अनियमितताओं पर नजर रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी उत्पाद में मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के नियमित निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित, शुद्ध और मानक अनुरूप खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.