लखनऊ से श्रमवीर गौरव सम्मान समारोह-2026 का भव्य आगाज़, श्रमिक कल्याण की कई बड़ी योजनाओं की सौगात; गौतमबुद्धनगर में उत्साह के साथ हुआ आयोजन

0 29

अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से ‘श्रमवीर गौरव सम्मान समारोह-2026’ का भव्य शुभारंभ किया। इस दौरान प्रदेशभर के श्रमिकों के कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में अटल आवासीय विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं और प्रधानाचार्या को सम्मानित किया गया, वहीं श्रमिकों को टूलकिट और प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में श्रमिकों को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए उनके योगदान की सराहना की और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

गौतमबुद्धनगर में गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ कार्यक्रम

इसी क्रम में जनपद गौतम बुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में भी ‘श्रमवीर गौरव सम्मान समारोह-2026’ का आयोजन भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों, कारखानों और प्रतिष्ठानों से जुड़े श्रमिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन स्थल पर श्रमिकों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरा कार्यक्रम अनुशासित और प्रभावी ढंग से संपन्न हुआ।

300 बेड ईएसआईसी अस्पताल समेत कई स्वास्थ्य परियोजनाओं को मिली मंजूरी

मुख्यमंत्री ने लखनऊ से ही गौतम बुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा में 300 बेड के ईएसआईसी अस्पताल के निर्माण के लिए 7 एकड़ भूमि आवंटन पत्र प्रदान किया। साथ ही वर्चुअल माध्यम से जिले में 201 स्थानों पर आयोजित मेगा हेल्थ कैंप और 25 मोबाइल चिकित्सा वैन (मुख्यमंत्री आरोग्य रथ) का शुभारंभ किया गया। जेवर के मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का शिलान्यास भी किया गया, वहीं औद्योगिक इकाइयों में 79 स्थानों पर डिस्पेंसरी और एंबुलेंस कक्ष स्थापित करने की नींव रखी गई। इसके अलावा 4 एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस, 10 ब्लड एनालाइजर और 43 शिशु कक्षों का लोकार्पण हुआ तथा 5 नए अस्पतालों को आयुष्मान भारत योजना में शामिल किया गया।

एलईडी स्क्रीन के जरिए लाइव प्रसारण से जुड़ा जिला

गौतमबुद्धनगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लखनऊ के मुख्य समारोह का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और श्रमिकों ने इस प्रसारण को देखा और मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना। इस व्यवस्था से जिला स्तर पर भी राज्य स्तरीय कार्यक्रम की सीधी अनुभूति हुई और श्रमिकों में उत्साह के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ा।

श्रमिक हित में सरकार की योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी

कार्यक्रम में श्रमिकों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं और नीतियों की जानकारी विस्तार से साझा की गई। सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास, शिक्षा और रोजगार जैसे क्षेत्रों में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित करते हुए यह स्पष्ट किया गया कि श्रमिकों के समग्र विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

निशुल्क फूड वैन सुविधा का शुभारंभ, सैकड़ों श्रमिकों को मिलेगा लाभ

कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के तहत हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से संचालित फूड वैन सेवा का शुभारंभ किया गया। इस पहल के तहत सप्ताह में तीन दिन करीब 600 औद्योगिक श्रमिकों को निशुल्क, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। यह व्यवस्था विशेष रूप से दूरदराज क्षेत्रों से आकर काम करने वाले श्रमिकों के लिए राहत साबित होगी।

जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी मेधा रूपम, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.