आधा देश पस्त, आधा देश त्रस्त: दिल्ली-यूपी में गर्मी का कहर, इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

0 100

Today Weather Update: मौसम की स्थिति इस बार समझ से परे है। स्थिति कुछ ऐसी बनी है जहां उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश का दौर थमने से गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है, वहीं देश के पश्चिमी और पूर्वी राज्यों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। दिल्ली और यूपी में सितंबर के महीने में मई-जून जैसी गर्मी का एहसास हो रहा है, और तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में यहां पारा और चढ़ सकता है, जिससे राहत की कोई उम्मीद नहीं है।

मानसून की इस बदलती चाल को लोगो को समझना मुश्किल हो रहा है। जब लग रहा था कि मानसून विदा हो चुका है, उसने अचानक कुछ राज्यों में वापसी कर ली है। उत्तर भारत के राज्य जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। इसके विपरीत, कई अन्य राज्यों में भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। यह मौसम का दोहरा मिजाज कई लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है।

पश्चिमी राज्यों में मानसून का रौद्र रूप
भारतीय मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, गुजरात और महाराष्ट्र में मानसून का तांडव देखने को मिलेगा। पश्चिमी गुजरात में अत्यंत भारी बारिश का अनुमान जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पूर्वी गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा में भी जोरदार बारिश की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में लोगों से सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है, क्योंकि भारी बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो सकता है।

राजस्थान और पूर्वी भारत में भी बदला मौसम
राजस्थान, जहां कुछ दिनों से मौसम शुष्क था, वहां भी मानसून ने फिर से दस्तक दी है। मौसम विभाग ने डूंगरपुर और बांसवाड़ा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, प्रदेश के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। वहीं, पूर्वी भारत की बात करें तो बिहार के कुछ जिलों जैसे पश्चिमी चंपारण, सुपौल और अररिया में हल्की बारिश की संभावना है। झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और ओडिशा समेत पूर्वोत्तर के लगभग सभी राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.