लू की होने वाली है छुट्टी, देश के इन 18 राज्यों में होगी झमाझम बारिश!, जानें मौसम विभाग की ताजा अपडेट

0 288

नई दिल्ली। मॉनसून की उत्तरी सीमा नवसारी, जलगांव, अमरावती, चंद्रपुर, बीजापुर, सुकमा, मलकानगिरी, विजयनगरम, और इस्लामपुर से होकर गुज़र रही है। इसके कारण अगले 3-4 दिनों के दौरान महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग ने 14 जून को जारी अपनी रिपोर्ट में कहा है कि पूर्वोत्तर असम और उसके आसपास के इलाकों में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके उत्तर-पश्चिम बिहार से नागालैंड तक जाने की संभावना है। इसके कारण बंगाल की खाड़ी से पूर्वोत्तर राज्यों तक तेज़ हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 7 दिनों के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

आईएमडी ने बताया है कि 14 तारीख को पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं, 18 जून को अरुणाचल प्रदेश और 15-18 जून के दौरान मेघालय में भारी बारिश होगी। आईएमडी के पूर्वानुमान के मताबिक, अगले 5 दिनों के दौरान बिहार, झारखंड, ओडिशा में तेज़ हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। वहीं, 14, 17 और 18 जून को ओडिशा में कुछ जगहों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।

आईएमडी के मुताबिक, कर्नाटक, केरल, माहे, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उसके आसपास के इलाकों में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव में अगले 5 दिनों के दौरान मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ में 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इस दौरान अलग-अलग जगहों पर बारिश भी हो सकती है।

आईएमडी ने कहा है कि मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा में गरज के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बारिश के साथ-साथ लू को लेकर भी चेतावनी जारी की है। रिपोर्ट के मुताबिक, 14-18 तारीख के दौरान उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति की संभावना है। 14-15 जून के दौरान पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड में गंगा के मैदानी इलाकों में लू चलेगी। 16 जून को झारखंड में यह स्थिति बनी रहेगी।

अगले 5 दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना है। 16 और 17 जून को कुछ स्थानों पर भीषण लू चलने की संभावना है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.