तूफान ‘चंद्रा’ का ब्रिटेन में कहर, 100 से ज्यादा बाढ़ अलर्ट जारी, तापमान फ्रीजिंग पॉइंट से नीचे जाने की चेतावनी
लंदन। ब्रिटेन इस समय भीषण मौसम की मार झेल रहा है। तेज हवाओं, मूसलाधार बारिश और बर्फबारी के साथ आए तूफान ‘चंद्रा’ ने देश के बड़े हिस्से में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। हालात इतने गंभीर हैं कि पूरे ब्रिटेन में 100 से ज्यादा बाढ़ की चेतावनियां जारी की गई हैं। मौसम विज्ञान विभाग ने देश के अधिकांश इलाकों में बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया है, जबकि बुधवार को कुछ क्षेत्रों के लिए अलग-अलग दो येलो अलर्ट भी लागू किए गए हैं।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तरी आयरलैंड, इंग्लैंड और वेल्स के कई हिस्सों में रात के समय तापमान तेजी से गिर सकता है और फ्रीजिंग पॉइंट से नीचे पहुंचने की आशंका है। इसके चलते सड़कों पर बर्फ जमने और फिसलन बढ़ने का खतरा बना हुआ है।
एक महीने में तीसरा बड़ा तूफान
तूफान चंद्रा ने जनवरी महीने में रोजाना होने वाली बारिश के कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण मंगलवार को स्कॉटलैंड और उत्तरी आयरलैंड में दर्जनों उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। कई इलाकों में भारी बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई, जहां सड़कों पर गाड़ियां फंस गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। हालात को देखते हुए कई स्कूलों को भी बंद करना पड़ा है। खास बात यह है कि तूफान चंद्रा जनवरी महीने में ब्रिटेन से टकराने वाला तीसरा बड़ा तूफान है, जो इससे पहले आए तूफान इंग्रिड और गोरेटी के बाद पहुंचा है।
रेल, सड़क और हवाई सेवाओं पर असर की आशंका
नेशनल रेल ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि खराब मौसम के चलते इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और वेल्स में शुक्रवार तक रेल यात्राएं प्रभावित हो सकती हैं। रेल सेवाओं के अलावा सड़क, हवाई और फेरी सेवाओं पर भी असर पड़ने की संभावना जताई गई है। कुछ सड़कों और पुलों को एहतियातन बंद किया जा सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खतरनाक परिस्थितियों में अनावश्यक यात्रा से बचें और गाड़ी चलाते समय विशेष सावधानी बरतें।
लोगों को घरों में रहने की सलाह
मौसम विभाग ने तेज हवाओं और गिरते तापमान को देखते हुए लोगों को जितना संभव हो, घर के अंदर रहने की सलाह दी है ताकि चोट या किसी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके। अधिकारियों का कहना है कि खुले इलाकों में तेज हवाओं के कारण पेड़ और अन्य संरचनाएं गिरने का खतरा बना हुआ है।
आगे कैसा रहेगा मौसम
बुधवार को ठंडी शुरुआत और कुछ इलाकों में बर्फीले पैच देखने को मिल सकते हैं। हालांकि इसके बाद कई क्षेत्रों में मौसम के शुष्क रहने और धूप निकलने की संभावना जताई गई है। उत्तर-पूर्वी स्कॉटलैंड में तूफान चंद्रा के बचे हुए असर के कारण कुछ जगहों पर तेज हवा और गीला मौसम बना रह सकता है। वहीं दक्षिणी वेल्स और दक्षिण-पश्चिम इंग्लैंड में बारिश का अनुमान है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि इससे बाढ़ की स्थिति और गंभीर नहीं होगी।