गौतमबुद्धनगर: कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति, शिकायतकर्ताओं से मिले फीडबैक और विभागवार रैंकिंग की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
असंतुष्ट फीडबैक पर जताई नाराजगी
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने असंतुष्ट फीडबैक और डिफॉल्टर श्रेणी में शामिल मामलों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने प्रभारी अधिकारी आईजीआरएस को निर्देशित किया कि जिन विभागों का असंतुष्ट फीडबैक 45 प्रतिशत से नीचे है, उनके विभागाध्यक्षों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा शासन स्तर पर नियमित रूप से की जाती है और इसी आधार पर जनपद की रैंकिंग निर्धारित होती है। ऐसे में सभी विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

हर माह देना होगा प्रमाण पत्र
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभागीय अधिकारी प्रत्येक माह शिकायतों के निस्तारण और शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर वार्ता किए जाने का प्रमाण पत्र उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो विभाग निर्धारित प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराएंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जनपद स्तरीय मॉनिटरिंग टीम भी रखेगी नजर
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा और मॉनिटरिंग अब जनपद स्तरीय मॉनिटरिंग टीम द्वारा भी की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का त्वरित, प्रभावी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिकायतकर्ताओं से नियमित रूप से दूरभाष पर संपर्क बनाए रखें और अपने कार्यालय स्तर पर प्रतिदिन आईजीआरएस पोर्टल की मॉनिटरिंग करें। इससे शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकेगा तथा जन शिकायत निवारण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर अभय कुमार, चारुल यादव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।