मधुबनी/कटनी (मध्यप्रदेश)। काम के सिलसिले में दिल्ली से मध्यप्रदेश के कटनी पहुंचे बिहार के एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। बरगवां इलाके में हुए इस घटनाक्रम में एक नाबालिग पर हत्या का आरोप है। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी किशोर की पहचान कर ली है, लेकिन वह घटना के बाद से फरार है।
बिहार के मधुबनी का रहने वाला था मृतक
मृतक की पहचान आसिफ अली के रूप में हुई है, जो बिहार के मधुबनी जिले के ग्राम पाली का निवासी था। आसिफ पेशे से इलेक्ट्रीशियन था और दिल्ली की एक कंपनी में काम करता था।
जानकारी के मुताबिक वह काम के सिलसिले में अपने साथियों अभिषेक चौधरी और अमित पटेल के साथ दिल्ली से कटनी आया हुआ था। अभिषेक चौधरी और अमित पटेल पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के सांतरागाछी थाना क्षेत्र के ग्राम उनसुनी ग्वालबाटी के रहने वाले बताए गए हैं। यह सभी पिछले कुछ दिनों से बरगवां इलाके में काम कर रहे थे।
सड़क पर थूकने की बात से शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि रविवार देर रात आसिफ अली खाना लेने के लिए बरगवां स्थित एक होटल में गया था। इसी दौरान एक नाबालिग ने सड़क पर थूक दिया, जो आसिफ के पैर पर जा गिरा।
इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर नाबालिग तैश में आ गया और उसने आसिफ पर चाकू से लगातार कई वार कर दिए। हमले में आसिफ गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा और लहूलुहान हो गया।
साथियों ने अस्पताल पहुंचाया, इलाज के दौरान मौत
आसिफ के साथ काम करने आए उसके साथी अभिषेक चौधरी और अमित पटेल की नजर जब उस पर पड़ी तो उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि देर रात इलाज के दौरान आसिफ ने दम तोड़ दिया।
आरोपी किशोर की पहचान, पुलिस तलाश में जुटी
मामले में रंगनाथनगर थाना प्रभारी अरुण पाल सिंह ने बताया कि आरोपित किशोर की पहचान कर ली गई है। वह रंगनाथ नगर क्षेत्र का ही रहने वाला है। घटना के बाद से वह फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
मौत की खबर से परिवार और गांव में मातम
आसिफ की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। आसपास के लोग घर पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।
तीन भाइयों में मझला था आसिफ, दो छोटे बच्चे
परिजनों के अनुसार आसिफ तीन भाइयों में मझला था। करीब सात वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी और उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं।
बताया जा रहा है कि आसिफ का शव लेकर उसके सहयोगी पाली गांव के लिए रवाना हो चुके हैं। मंगलवार दोपहर तक शव के गांव पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।