किसानों को बड़ी सौगात देने की तैयारी में मोदी सरकार! PM किसान निधि के पैसों में बढ़ोतरी का है प्लान

0 360

नई दिल्‍ली: पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार आने वाले दिनों में किसानों को बड़ी सौगात देने की तैयारी कर रही है. फाइनेंशियल एक्‍सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक केंद्र पीएम किसान सम्‍मान सहायता निधि को 6,000 रुपये से बढ़ाने पर विचार कर रहा है. सरकार की योजना इसे 50 प्रतिशत तक बढ़ाने की है. लंबे समय से इसे लेकर मांग की जा रही थी. अब सरकार इसे 2,000 से 3,000 रुपये प्रति किसान परिवार बढ़ाने की योजना बना रही है. इस संबंध में प्रस्‍ताव प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजा जा चुका है. अब पीएम को ही इसपर अंतिम फैसला लेना है.

अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पीएम किसान सहायता निधि योजना के तहत किसानों की आय बढ़ाने वाले प्रस्‍ताव को मंजूरी दे देते हैं तो इससे सरकारी खजाने को प्रति वर्ष 20 से 30 हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्‍त बोझ पड़ेगा. अभी यह स्‍पष्‍ट नहीं है कि किसानों के लिए यह योजना कब तक लागू की जाएगी. इस साल राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होने हैं. अगले साल देश में लोक सभा चुनाव भी हैं.

ऐसे में देखना होगा कि केंद्र सरकार विधानसभा चुनावों से पहले इसे लागू करती है या फिर अगले साल लोक सभा चुनाव पर फोकस करते हुए बाद में यह कदम उठाया जाता है. साथ ही सरकार यह भी सुनिश्चित करना चाहती है कि किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर ही अपने उत्‍पाद को बेचें ताकि उनकी आय का स्तर बढ़ सके.

फरवरी 2019 में पीएम किसान सम्‍मान निधि योजना की शुरुआत की गई थी. इसके तहत हर चार महीनों में एक बार केंद्र सरकार की तरफ से दो-दो हजार रुपये की सहायता राशि किसान परिवारों के खातों में डाल दी जाती है. प्रति वर्ष एक किसान परिवार को छह हजार रुपये दिए जाते हैं. मौजूदा वक्‍त में 85 मिलियन (8.5 करोड़) किसान परिवारों तक यह सहायता राशि पहुंचती है.

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.