मैहर। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती अब युवाओं के लिए खतरे का कारण बन गई। मैहर में एक शादीशुदा महिला मानषी नामदेव (35) ने युवक शिवशंकर गुप्ता (30) को अपने घर बुलाकर बंधक बनाया और अन्य साथियों की मदद से मारपीट कर उससे 56,000 रुपए ऑनलाइन वसूल लिए। घटना की शिकायत मिलने के बाद मैहर थाना पुलिस ने महिला और एक पुरुष आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। दो अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है।
इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती
पुलिस के अनुसार, दस दिन पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से मानषी और शिवशंकर गुप्ता की दोस्ती हुई थी। दस दिन बाद दोनों की मुलाकात हुई। शिवशंकर महिला को छोड़ने उसके घर गया, जहां मानषी ने उसे घर के अंदर आने के लिए कहा और पानी पीने के बहाने उसे घर में ले गई।
बंधक बनाकर की मारपीट और धमकी
जब शिवशंकर घर में था, तभी मानषी के तीन पुरुष साथी वहां पहुंचे। सभी ने मिलकर युवक को जमकर पीटा और उसके सारे कपड़े उतारकर नग्न वीडियो रिकॉर्ड किया। इसके बाद आरोपितों ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर 56,000 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए।
साधारण मुलाकात में छुपा खौफनाक प्लान
पीड़ित ने बताया कि मुलाकात से पहले दोनों चौपाटी में साथ में डोसा खाया। इसके बाद महिला ने युवक को घर छोड़ने के बहाने अपने घर बुलाया और फिर बंधक बना कर घटना को अंजाम दिया। युवक को यह भी पता चला कि महिला शादीशुदा थी।
पुलिस की कार्रवाई
मैहर थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी ने बताया कि मुख्य आरोपित महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार कर लिया गया है। मोबाइल और अन्य महत्वपूर्ण सबूत बरामद किए गए हैं। फरार आरोपितों की तलाश जारी है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।