IPL 2023: केकेआर को 4 विकेट से हराकर दिल्ली कैपिटल्स ने खोला जीत का खाता

0 415

नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग के 28वें मुकाबले में गुरुवार को दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 4 विकेट से हरा दिया। DC की यह इस सीजन की पहली जीत है। इससे पूर्व टीम को लगातार 5 मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। दो बार की चैंपियन टीम KKR की यह इस सीजन में तीसरी हार है।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए KKR ने 20 ओवर में सभी 10 विकेट खोकर 127 रन बनाए थे। टीम की ओर से जेसन रॉय ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए थे। 128 रन का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरी DC टीम ने 19.2 ओवर में 6 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। टीम की ओर से कप्तान डेविड वार्नर ने सर्वाधिक 57 रन बनाए। KKR की ओर से वरुण चक्रवर्ती ने 2 विकेट लिए।

आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी DC ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए शुरुआत में ही तेजी से रन बटोरे। पहले विकेट के लिए कप्तान वार्नर और पृथ्वी शॉ (13) के बीच 38 रन की साझेदारी हुई। सलामी जोड़ी के टूटते ही DC की टीम लड़खड़ा गई। मिचेल मार्श (2), फिलिप साल्ट (5), मनीष पांडे (21) जल्दी आउट हो गए। इस सीजन में धीमी बल्लेबाजी के लिए आलोचना झेल रहे वार्नर ने गुरुवार को तेजी से रन बनाए।

मुश्किल पिच पर बल्लेबाजी करते हुए DC की ओर से वार्नर ने मोर्चा संभालते हुए शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 139.02 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों में तेजी से 57 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 11 चौके जमाए। यह उनके IPL करियर का 59वां अर्धशतक रहा और इसे उन्होंने 32 गेंदों में पूरा कर लिया। वार्नर का इस सीजन में यह 6 मैचों में चौथा अर्धशतक रहा।

वार्नर लीग में एक टीम के खिलाफ सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने KKR के खिलाफ 1,075 रन बना लिए हैं। इस मामले में दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने KKR के खिलाफ ही 1,040 रन बनाए हैं। पंजाब किंग्स (PBKS) के कप्तान शिखर धवन इस मामले में तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ 1,029 रन बनाए हैं।

इस मुकाबले में KKR के बल्लेबाजों का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा जिसके चलते टीम सीमित स्कोर ही बना पाई। शीर्ष क्रम के लड़खड़ाने के बाद मध्यक्रम ने भी निराश ही किया। लिटन दास (4), वेंकटेश अय्यर (0) और नीतीश राणा (4) जल्दी आउट हो गए। मध्यक्रम में रिंकू सिंह (6) और सुनील नरेन (4) भी कुछ खास योगदान नहीं दे पाए। जेसन ने 43 रन बनाते हुए संघर्ष किया और अंत में आंद्रे रसेल 38* रन बनाए।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.