आईपीएल 2026 के तीसरे मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में टीम महज 127 रन पर सिमट गई। हालांकि इस खराब प्रदर्शन के बीच एक ऐसा रिकॉर्ड भी टूटा, जो लंबे समय से एमएस धोनी के नाम दर्ज था।
टॉप ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप, 127 पर सिमटी टीम
टॉस जीतकर राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया और अपने फैसले को सही साबित किया। पावरप्ले के अंदर ही CSK के शीर्ष बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया गया। रुतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन सिर्फ 6-6 रन बनाकर आउट हो गए। आयुष म्हात्रे खाता भी नहीं खोल सके, जबकि मैथ्यू शॉर्ट महज 2 रन बनाकर चलते बने। लगातार गिरते विकेटों के चलते पूरी टीम 19.4 ओवर में 127 रन पर सिमट गई।
जेमी ओवरटन ने रचा इतिहास, टूटा धोनी का रिकॉर्ड
जहां एक ओर पूरी टीम संघर्ष करती नजर आई, वहीं आठवें नंबर पर उतरे जेमी ओवरटन ने 36 गेंदों में 43 रन की शानदार पारी खेलकर इतिहास रच दिया। उन्होंने 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
ओवरटन ने अंशुल कंबोज (नाबाद 7 रन) के साथ आखिरी विकेट के लिए 32 रन की साझेदारी की, जो आईपीएल इतिहास में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 10वें विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी बन गई। इससे पहले यह रिकॉर्ड एमएस धोनी और मोहित शर्मा के नाम था, जिन्होंने 26 रन जोड़े थे।
लोअर ऑर्डर में सबसे बड़ी पारी भी ओवरटन के नाम
जेमी ओवरटन का 43 रन का स्कोर अब आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 8वें या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बन गया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड एमएस धोनी के नाम था, जिन्होंने 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नाबाद 37 रन बनाए थे।
राजस्थान के गेंदबाजों का दबदबा
राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजों ने पूरे मैच में दबदबा बनाए रखा। जोफ्रा आर्चर ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट लिए। नंद्रे बर्गर ने भी 2 विकेट हासिल किए। वहीं रवींद्र जडेजा ने एक ही ओवर में शिवम दुबे और सरफराज खान को आउट कर चेन्नई की कमर तोड़ दी और 3 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट झटके।