क्या खत्म होने वाला है कलियुग? जानें कल्कि अवतार को लेकर क्या है पुराणों की भविष्यवाणी

0 38

नई दिल्ली : हिंदू धर्म के अनुसार, जब-जब धरती पर अधर्म बढ़ता है, तब भगवान विष्णु अलग-अलग अवतार लेकर संतुलन स्थापित करते हैं. उनका अंतिम और दसवां अवतार कल्कि अवतार माना जाता है. शास्त्रों के अनुसार, जब कलयुग में पाप अपने चरम पर पहुंच जाएगा, नदियां सूखने लगेंगी और इंसान ही इंसान का दुश्मन बन जाएगा, तब भगवान विष्णु कल्कि अवतार के रूप में प्रकट होंगे. विष्णु पुराण और श्रीमद्भागवत पुराण में बताया गया है कि यह अवतार कलयुग और सतयुग के संधिकाल में होगा, जिसका उद्देश्य धर्म की पुनः स्थापना करना होगा.

कहां होगा कल्कि अवतार का जन्म?
धार्मिक ग्रंथों के अनुसार, कल्कि अवतार का जन्म शंभल नामक स्थान पर होगा. उनके पिता का नाम विष्णुयशा बताया गया है, जो एक तपस्वी ब्राह्मण होंगे.

पुराणों में वर्णन मिलता है कि भगवान कल्कि एक सफेद घोड़े पर सवार होकर प्रकट होंगे, जिसका नाम देवदत्त बताया गया है. उनके हाथ में एक चमकदार तलवार होगी और उनकी गति बिजली से भी अधिक तेज मानी जाती है. उनका रूप अत्यंत दिव्य और प्रभावशाली होगा.

कौन देंगे उन्हें शिक्षा?
मान्यता है कि भगवान परशुराम उनके गुरु होंगे. वे कल्कि को युद्ध कला और अस्त्र-शस्त्र की शिक्षा देंगे, जिससे वे अधर्म का नाश कर सकें.

कल्कि अवतार का मुख्य उद्देश्य अधर्म, पाप और अन्याय का अंत करना होगा. वे उन दुष्ट शासकों और लोगों का विनाश करेंगे, जो समाज में बुराई फैलाते हैं. यह युद्ध सिर्फ शारीरिक नहीं, बल्कि अच्छाई और बुराई के बीच एक बड़ा संघर्ष माना जाता है.

कौन होगा सबसे बड़ा शत्रु?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कल्कि अवतार का सबसे बड़ा शत्रु ‘कलि’ होगा, जो कलियुग की नकारात्मक शक्तियों का प्रतीक है. इसी शक्ति का अंत करके कल्कि धर्म की पुनः स्थापना करेंगे.

कौन देगा इस युद्ध में साथ?
मान्यता है कि इस धर्मयुद्ध में हनुमान, अश्वत्थामा और कृपाचार्य जैसे चिरंजीवी भी उनका साथ देंगे.

कैसे होगा कलियुग का अंत?
जब अधर्म पूरी तरह फैल जाएगा, तब कल्कि अवतार प्रकट होकर उसका अंत करेंगे. उनके अवतरण के साथ ही धरती पर फिर से शुद्धता आएगी और सतयुग की शुरुआत मानी जाएगी. यह घटना अच्छाई और बुराई के बीच अंतिम विजय का प्रतीक होगी.

 

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.