LPG Price Cut: महीने की शुरुआत में बड़ी राहत, 19 किलो कमर्शियल सिलेंडर हुआ ₹209 तक सस्ता, जानिए आपके शहर का नया रेट

0 17

नई दिल्ली: अगस्त महीने के पहले दिन कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले कारोबारियों को बड़ी राहत मिली है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 202 रुपये से 209 रुपये तक की कटौती की है। नई दरें 1 अगस्त से लागू हो गई हैं। हालांकि, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है।

दिल्ली और कोलकाता में इतने घटे दाम

नई कीमतों के मुताबिक दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 202 रुपये घटकर 2,728 रुपये हो गई है। वहीं कोलकाता में इसकी कीमत 209 रुपये कम होने के बाद 2,872.50 रुपये हो गई है। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत पहले की तरह ही बरकरार रखी गई है।

कमर्शियल सिलेंडर सस्ता होने से किसे होगा फायदा?

कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत घटने से होटल, रेस्तरां, कैटरिंग सेवाओं, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की परिचालन लागत कम होने की उम्मीद है। यदि कारोबारी इस राहत का लाभ ग्राहकों तक पहुंचाते हैं, तो खाने-पीने की कुछ सेवाएं अपेक्षाकृत सस्ती हो सकती हैं।

पिछले महीने भी मिली थी राहत

इससे पहले जुलाई में भी 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 183.50 रुपये की कटौती की गई थी। उस समय दिल्ली में इसकी कीमत घटकर 2,930 रुपये हो गई थी। इसके अलावा 5 किलोग्राम फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर की कीमत भी 13 रुपये कम की गई थी।

वहीं जून में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 29 रुपये बढ़ाई गई थी, जिसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 942 रुपये हो गई थी।

सरकार ने सब्सिडी को लेकर क्या कहा?

सरकार के अनुसार, घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को अब भी अप्रत्यक्ष राहत मिल रही है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने लोकसभा में बताया था कि जून 2026 में 14.2 किलोग्राम घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर 700 रुपये से अधिक की अंडर-रिकवरी शामिल थी। जुलाई 2026 में भी प्रति सिलेंडर 500 रुपये से अधिक की अंडर-रिकवरी बनी रही।

सरकार ने यह भी बताया कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण वैश्विक एलपीजी कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। औसत सऊदी कॉन्ट्रैक्ट प्राइस अप्रैल और मई 2026 में 780 अमेरिकी डॉलर प्रति मीट्रिक टन थी, जो जून में बढ़कर 796 अमेरिकी डॉलर प्रति मीट्रिक टन पहुंच गई। इन अंतरराष्ट्रीय कीमतों के आधार पर जून में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बाजार आधारित कीमत लगभग 1,695 रुपये होती।

कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के नए रेट

  • दिल्ली: 2,728 रुपये
  • कोलकाता: 2,872.50 रुपये

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.