महाराष्ट्र: ‘सीमा हैदर नहीं लौटी पाकिस्तान तो, हम करेंगे भारत में मुंबई हमले जैसा आतंकवादी हमला’ मुंबई पुलिस को मिली धमकी

0 425

मुंबई: मुंबई पुलिस के यातायात नियंत्रण कक्ष को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर धमकी दी है कि अगर पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर अपने वतन नहीं लौटी, तो भारत में 26/11 जैसा आतंकवादी हमला हो सकता है। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि धमकी भरा फोन 12 जुलाई को आया था।

अधिकारी के मुताबिक, फोन करने वाला व्यक्ति उर्दू में बोल रहा था और उसने कहा कि सीमा हैदर के पाकिस्तान न लौटने पर भारत में 26/11 के मुंबई हमले जैसा आतंकवादी हमला होगा, जिसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार जिम्मेदार होगी। अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस धमकी भरे कॉल की जांच कर रही है और मामले की जांच के लिए अपराध शाखा की टीम की भी मदद ली जा रही है।

अधिकारी के अनुसार, धमकी भरी फोन कॉल एक ऐप के माध्यम से की गई थी और पुलिस कॉलर के आईपी एड्रेस के बारे में पता लगाने की कोशिशों में जुटी है। पाकिस्तानी नागरिक सीमा हैदर ग्रेटर नोएडा निवासी अपने प्रेमी सचिन मीणा से शादी करने के लिए हाल में भारत में अवैध रूप से दाखिल हुई थी।

दोनों की ऑनलाइन गेम पबजी खेलने के दौरान दोस्ती हुई थी। पुलिस ने भारत में अवैध रूप से रहने के सिलसिले में सीमा (30) और सचिन (25) को गिरफ्तार किया था, लेकिन पिछले सप्ताह उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा की एक अदालत ने उन्हें जमानत दे दी थी। सचिन और सीमा ने चार जुलाई को मीडिया और पुलिस के सामने एक-दूसरे के प्रति अपने प्यार का इजहार किया था और सरकार से उन्हें शादी करके भारत में साथ रहने की इजाजत देने का आग्रह किया था।(एजेंसी)

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.