शादी के एक महीने बाद मायके आई नवविवाहिता की दिनदहाड़े हत्या, एकतरफा प्यार या जमीन विवाद? पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी

0 12

लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में एक नवविवाहिता की दिनदहाड़े चाकू से गोदकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। विवाहिता शादी के बाद पहली बार मायके आई थी। पुलिस का प्रारंभिक दावा है कि घटना के पीछे एकतरफा प्रेम प्रसंग की आशंका है, जबकि मृतका के परिजनों ने जमीन विवाद को हत्या की वजह बताया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

घर के बाहर बैठी थी, तभी हुआ हमला

घटना गोला कोतवाली क्षेत्र के सहसपुर गांव की है। जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय आरती की शादी करीब एक महीने पहले लखीमपुर क्षेत्र के झारा कुरैया गांव में हुई थी। वह लगभग एक सप्ताह पहले अपनी पहली विदाई पर मायके आई थी।

बताया गया कि गुरुवार दोपहर आरती अपनी बहन के साथ घर के बाहर बैठी थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला युवक प्रदीप वहां पहुंचा और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में आरती गंभीर रूप से घायल हो गई। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

परिजन गंभीर रूप से घायल आरती को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

एकतरफा प्रेम प्रसंग की आशंका, परिजन बोले- जमीन का था विवाद

गोला कोतवाली प्रभारी अंबर सिंह ने बताया कि आरती की शादी 1 जुलाई को हुई थी और वह पहली बार मायके आई थी। प्रारंभिक जांच में एकतरफा प्रेम प्रसंग की आशंका सामने आई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के नशे में होने की भी जानकारी मिली है।

वहीं, मृतका के परिजनों का कहना है कि पड़ोसी के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था और हत्या उसी रंजिश का परिणाम है। हालांकि, परिजन अभी विवाद से जुड़े किसी पूर्व शिकायत या कानूनी कार्रवाई की स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके हैं।

आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें सक्रिय

पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

एक अन्य मामले में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला

इसी जिले के ढकवा चौकी क्षेत्र के सेमरई गांव में गुरुवार सुबह एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के भीतर फंदे से लटका मिला। ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया है, जबकि मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है।

मृतका की मां लक्ष्मी देवी ने आरोप लगाया कि तीन वर्ष पहले बेटी दीपक कुमारी की शादी रवि कुमार से की थी और विवाह में नकद राशि सहित अन्य सामान दिया गया था, लेकिन ससुराल पक्ष इससे संतुष्ट नहीं था।

दूसरी ओर, पति रवि कुमार का कहना है कि कुछ दिन पहले एक शादी समारोह के दौरान मृतका के सोने के झाले चोरी हो गए थे, जिसके बाद वह मानसिक तनाव में थी और उसी कारण उसने आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.