अब मेट्रो में मना सकेंगे बर्थडे और प्री-वेडिंग शूट, भोपाल-इंदौर मेट्रो की नई पहल; जानें कितना होगा खर्च

0 18

भोपाल: अब मेट्रो सिर्फ सफर का जरिया नहीं रहेगी, बल्कि लोग यहां अपने खास पलों को भी यादगार बना सकेंगे। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) ने ‘सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स’ नीति लागू की है, जिसके तहत मेट्रो कोच और मेट्रो स्टेशनों पर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति दी जाएगी।

नई व्यवस्था के तहत लोग बर्थडे पार्टी, किटी पार्टी, प्री-वेडिंग शूट, फोटोशूट, फिल्म शूटिंग, वेब सीरीज, डॉक्यूमेंट्री और विज्ञापन शूट जैसे कई कार्यक्रम मेट्रो परिसर में आयोजित कर सकेंगे।

मेट्रो को आमजन से जोड़ने की पहल

मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध संचालक एस. कृष्ण चैतन्य ने कहा कि यह पहल भोपाल और इंदौर की बदलती जीवनशैली और आधुनिक शहरी संस्कृति को ध्यान में रखकर शुरू की गई है।

उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य मेट्रो को लोगों के दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना है, ताकि नागरिक सुरक्षित और आधुनिक माहौल में अपने खास अवसरों का जश्न मना सकें।

इवेंट के लिए कैसे होगी बुकिंग?

इवेंट आयोजित करने के लिए इच्छुक व्यक्ति या संस्था को कार्यक्रम की तारीख से कम से कम 15 दिन पहले आवेदन करना होगा।

इसके लिए कोई भी व्यक्ति, संस्था, प्रोडक्शन हाउस या कंपनी आवेदन कर सकती है। बुकिंग प्रक्रिया ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर पूरी की जाएगी।

मेट्रो कोच बुक कराने का कितना होगा खर्च?

एमपीएमआरसीएल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार स्थिर और बिना सजावट वाले मेट्रो कोच के लिए ₹5,000 प्रति घंटा शुल्क तय किया गया है।

वहीं चलती हुई यानी गतिशील अनडेकोरेटेड मेट्रो कोच के लिए ₹7,000 प्रति घंटा खर्च करना होगा।

इसके अलावा प्रति कोच ₹20,000 सिक्योरिटी अमाउंट भी जमा करना होगा। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद नियमों का पालन पाए जाने पर यह राशि वापस कर दी जाएगी।

एक इवेंट में कितने लोग हो सकेंगे शामिल?

यदि कोई व्यक्ति बर्थडे पार्टी, प्री-वेडिंग शूट या किटी पार्टी आयोजित करता है, तो उसमें अधिकतम 50 लोगों को शामिल होने की अनुमति मिलेगी।

यदि इससे अधिक लोग कार्यक्रम में शामिल होते हैं, तो अतिरिक्त व्यक्तियों पर मेट्रो के सामान्य किराया नियम लागू किए जाएंगे।

साथ ही सभी प्रतिभागियों को मेट्रो के सुरक्षा नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।

ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से कर सकेंगे आवेदन

इच्छुक लोग ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं। यह सुविधा फिलहाल भोपाल और इंदौर मेट्रो के लिए उपलब्ध रहेगी।

अधिक जानकारी के लिए मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट किया जा सकता है। भोपाल और इंदौर के लिए अलग-अलग ईमेल आईडी भी जारी की गई हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.