12 साल पूरे होने पर गौतमबुद्धनगर में विकास महाकुंभ, 17 से 19 जून तक लगेगी भव्य प्रदर्शनी, ‘सेल्फी विद पीएम’ बनेगा आकर्षण
गौतमबुद्धनगर: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में 5 जून से 21 जून 2026 तक जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 से 19 जून तक सेक्टर-91 स्थित पंचशील बालक इंटर कॉलेज में तीन दिवसीय भव्य विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रदर्शनी से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा के भीतर युद्धस्तर पर पूरी की जाएं ताकि अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके।
प्रदर्शनी में युवा सशक्तिकरण, महिला एवं गरीब कल्याण, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक केंद्रों के विकास, आधारभूत संरचना, औद्योगिक परियोजनाओं, सुशासन, आंतरिक सुरक्षा और विकसित उत्तर प्रदेश-2047 के विजन से जुड़े कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन को “सेवा, संस्कार, सुशासन और सम्मान” की थीम पर केंद्रित रखा गया है।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि यह आयोजन केवल सरकारी उपलब्धियों के प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का भी प्रभावी मंच बनेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदर्शनी स्थल पर आने वाले लोगों को योजनाओं की जानकारी सरल और आकर्षक तरीके से उपलब्ध कराई जाए तथा आवश्यक सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएं।
प्रदर्शनी में शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, उद्योग, श्रम, पशुपालन, वन, मत्स्य, सेवायोजन, दिव्यांगजन सशक्तिकरण सहित विभिन्न विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाएंगे। इन स्टॉलों पर विभागीय योजनाओं, उपलब्धियों और लाभार्थी सेवाओं की जानकारी दी जाएगी।
आयोजन के दौरान विशेष रूप से “सेल्फी विद प्रधानमंत्री” कॉर्नर बनाया जाएगा, जहां लोग प्रधानमंत्री के कटआउट के साथ फोटो और सेल्फी ले सकेंगे। प्रशासन का मानना है कि इससे जनसहभागिता बढ़ेगी और विकास कार्यों की जानकारी अधिक लोगों तक पहुंचेगी।
युवाओं और विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। 17 जून को वाद-विवाद प्रतियोगिता, 18 जून को निबंध लेखन प्रतियोगिता और 19 जून को चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित होगी। वहीं तीनों दिनों तक रंगोली निर्माण के माध्यम से सांस्कृतिक और जनजागरूकता विषयों को प्रदर्शित किया जाएगा।
बैठक में अधिकारियों ने तैयारियों और प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी दी। मुख्य विकास अधिकारी ने आयोजन को अधिक प्रभावी, जनोन्मुखी और आकर्षक बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रदर्शनी को सफल बनाने के निर्देश दिए।