ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर पीएम मोदी ने बदली X की DP, जवानों के शौर्य को किया सलाम; बोले- आतंक के खिलाफ भारत का संकल्प अटूट
भारत के लिए 7 मई की तारीख बेहद अहम मानी जा रही है। इसी दिन भारत ने पहलगाम आतंकी हमले का करारा जवाब देते हुए पाकिस्तान में छिपे आतंकियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया था। भारत सरकार ने इस सैन्य कार्रवाई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया था। भारतीय सशस्त्र बलों ने इस अभियान के जरिए पाकिस्तान को महज तीन दिनों के भीतर घुटनों पर ला दिया था। अब ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जवानों की वीरता को खास अंदाज में नमन किया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रोफाइल फोटो बदल दी है। नई डीपी में ऑपरेशन सिंदूर का लोगो दिखाई दे रहा है, जिसके ऊपर तिरंगा लहराता नजर आ रहा है। इसे सेना के साहस और देश की सैन्य शक्ति को सम्मान देने के प्रतीक के तौर पर देखा जा रहा है।
पीएम मोदी बोले- सेना ने दिखाया अद्वितीय साहस और दृढ़ संकल्प
ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एक साल पहले भारतीय सशस्त्र सेनाओं ने इस अभियान के दौरान असाधारण साहस, सटीकता और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया था। उन्होंने कहा कि पहलगाम में निर्दोष भारतीयों पर हमला करने वालों को सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया और पूरा देश आज भी जवानों के शौर्य को सलाम करता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की निर्णायक प्रतिक्रिया और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि इस अभियान ने भारतीय सशस्त्र बलों की पेशेवर क्षमता, तत्परता और संयुक्त सैन्य शक्ति को दुनिया के सामने मजबूती से रखा। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में भारत के प्रयासों ने राष्ट्रीय सुरक्षा को और मजबूत किया है। उन्होंने दोहराया कि आतंकवाद और उसके समर्थक तंत्र को समाप्त करने का भारत का संकल्प पहले की तरह ही अडिग है।
राजनाथ सिंह ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर राष्ट्रीय संकल्प का प्रतीक
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर भारतीय सशस्त्र बलों को नमन किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान सेना की बहादुरी, समर्पण और विभिन्न सैन्य सेवाओं के बीच बेहतरीन तालमेल देखने को मिला, जिसने आधुनिक सैन्य अभियानों के लिए नई मिसाल कायम की।
राजनाथ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत के राष्ट्रीय संकल्प और सैन्य तत्परता का सशक्त प्रतीक है। यह अभियान दिखाता है कि भारतीय सेनाएं हर चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में निर्णायक कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह तैयार रहती हैं। उन्होंने कहा कि यह मिशन रक्षा क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार हो रही प्रगति का भी प्रमाण है।
अमित शाह बोले- दुश्मनों को हमेशा याद रहेगा ऑपरेशन सिंदूर
गृह मंत्री अमित शाह ने ऑपरेशन सिंदूर को भारत का ऐतिहासिक मिशन बताया। उन्होंने कहा कि यह अभियान देश के दुश्मनों को भारतीय सशस्त्र बलों की अचूक मारक क्षमता की याद हमेशा दिलाता रहेगा।
अमित शाह ने कहा कि इतिहास इस दिन को भारतीय सेनाओं की सटीक कार्रवाई, खुफिया एजेंसियों की मजबूत सूचना व्यवस्था और राजनीतिक इच्छाशक्ति के बेहतरीन समन्वय के रूप में याद रखेगा। उन्होंने कहा कि पहलगाम में आतंक का साया फैलाने वालों को यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि वे दुनिया के किसी भी कोने में क्यों न छिप जाएं, भारत की नजर और कार्रवाई से बच नहीं सकते। गृह मंत्री ने इस मौके पर भारतीय जवानों के अद्वितीय साहस को भी सलाम किया।