लखनऊ में सरेआम फायरिंग, रेस्टोरेंट में घुसकर बदमाशों ने रिटायर्ड एयरफोर्स अधिकारी को मारी गोली

0 516

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बेखौफ बदमाशों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए सरेआम फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में शॉपिंग स्क्वायर स्थित एक रेस्टोरेंट के अंदर घुसकर बदमाशों ने रिटायर्ड एयरफोर्स अधिकारी अवधेश कुमार पाठक को गोली मार दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

पत्नी के साथ चलाते हैं रेस्टोरेंट

पुलिस के अनुसार, 60 वर्षीय अवधेश कुमार पाठक एयरफोर्स से सेवानिवृत्त हैं और अपनी पत्नी के साथ शॉपिंग स्क्वायर में रेस्टोरेंट का संचालन करते हैं। देर रात बदमाश अचानक रेस्टोरेंट में घुसे और बिना किसी बहस के फायरिंग कर दी, जिसमें अवधेश कुमार पाठक गंभीर रूप से घायल हो गए।

रात करीब 10:30 बजे हुई वारदात

डीसीपी दक्षिण निपुण अग्रवाल ने बताया कि यह घटना रात करीब साढ़े दस बजे की है। फायरिंग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया।

मेदांता अस्पताल में चल रहा इलाज

घायल अवधेश कुमार पाठक मूल रूप से संतकबीरनगर के रहने वाले हैं। पुलिस टीम उन्हें तुरंत मेदांता अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई है। अस्पताल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

CCTV फुटेज के आधार पर जांच तेज

प्रभारी निरीक्षक राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.