असम में बाढ़ से 1.90 लाख से अधिक लोग प्रभावित

0 365

गुवाहाटी। असम में बारिश के कारण फिर आई बाढ़ से 17 जिलों के 1.90 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। जिसमें एक व्‍यक्ति की मौत हुई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार सोमवार को शिवसागर जिले के डेमो इलाके में एक व्यक्ति बाढ़ के पानी में गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई।

इस बीच बाढ़ प्रभावित जिले में बिश्वनाथ, चिरांग, दरांग, धेमाजी, धुबरी, डिब्रूगढ़, गोलाघाट, जोरहाट, लखीमपुर, माजुली, मोरीगांव, नागांव, नलबाड़ी, शिवसागर, सोनितपुर, तामुलपुर और उदलगुरी शामिल हैं। इन जिलों के कम से कम 522 गांव बाढ़ के पानी से जूझ रहे हैं और 8,000 हेक्टेयर फसल नष्ट हो गई है।

एएसडीएमए ने कहा कि 17 जिलों में कुल 1,90,675 लोग प्रभावित हुए। राज्य प्रशासन चार जिलों में 47 राहत शिविर और 45 राहत वितरण केंद्र संचालित कर रहा है।

ब्रह्मपुत्र नदी डिब्रूगढ़, धुबरी, तेजपुर और नेमाटीघाट में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जबकि सुबनसिरी और दिखौ जैसी अन्य प्रमुख नदियां बदतीघाट और शिवसागर में खतरे के निशान को पार कर गई हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि बाढ़ के कारण 1.30 लाख से अधिक घरेलू जानवर भी प्रभावित हुए हैं। इस बीच 18 जगहों पर सड़क क्षतिग्रस्त होने की खबर है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.